Home > अपना शहर ,
शहर विकास के सभी प्रोजेक्ट उत्तम गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएँ – नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह

ग्वालियर के प्रोजेक्ट की भोपाल में भी करेंगी साप्ताहिक समीक्षा

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि ग्वालियर शहर विकास के सभी प्रोजेक्ट निर्धारित समय-सीमा में उत्तम गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ। इसके लिये उनके द्वारा भोपाल स्तर पर प्रति सप्ताह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा की जायेगी। प्रोजेक्टों के क्रियान्वयन में अगर कहीं तकनीकी दिक्कत आ रही होगी तो उसका भी निराकरण तत्परता के साथ कराया जायेगा। आवास एवं पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव और आयुक्त नगरीय प्रशासन जनवरी माह में ग्वालियर का दौरा करेंगे।

उन्होंने यह बात ग्वालियर में हाउसिंग बोर्ड, ग्वालियर विकास प्राधकरण, साडा और टाउन एण्ड कंट्री प्लानिंग के अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान कही।

श्रीमती माया सिंह ने कहा कि उनके द्वारा प्रदेश की सभी विकास एजेन्सियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होना चाहिए। जिससे लागत में अनावश्यक बढ़ोत्तरी न हो और जनमानस को भी उसका पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि काम की गुणवत्ता पर नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। इसके लिये शासन उन्हें पूर्ण सहयोग और समर्थन प्रदान करेगा, लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

इंडिया हैवीटेड सेंटर नई दिल्ली की तर्ज पर बनाएँ एक कॉम्प्लेक्स

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने चर्चा के दौरान कहा कि ग्वालियर शहर देश के चुनिंदा स्मार्ट शहरों में शुमार हो चुका है। शहर में एक अंतराष्ट्रीय स्तर का कांफ्रेंस हॉल जिसमें नई दिल्ली स्थित इंडिया हैवीटेड सेंटर जैसी सभी सुविधायें उपलब्ध हों, बनाया जाना चाहिए। इसके लिये गोले का मंदिर पर स्थित रिक्त पड़ी जमीन का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से इसका ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

यातायात नगर की समस्याओं का कराएँ समाधान

      श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किए गए यातायात नगर में अधोसंरचना में सड़कें व नालियाँ पूर्णत: समाप्त हो चुकी हैं। जिसके कारण ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय निवासियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। यहाँ पर सड़क और नालियों के निर्माण के लिये प्राधिकरण पहल करे और अगर इसके लिये धनराशि की आवश्यकता है तो प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए।

साडा मंत्री सिटी में इन्वेस्टर्स की समस्याओं का कराएँ निराकरण

      श्रीमती माया सिंह ने कहा कि साडा क्षेत्र में मंत्री सिटी हाउसिंग प्रोजेक्ट में शहर के लगभग 360 लोगों द्वारा आवास आवंटन के लिये राशि जमा की गई है। लेकिन लोगों को आवास प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं। इसके संबंध में आ रही कठिनाईयों को साडा के अधिकारी मध्यस्थता कर निराकरण कराएँ।

नगर निगम के पार्षदों के साथ शहर भ्रमण करेंगी मंत्री

      श्रीमती माया सिंह ने कहा कि वे शीघ्र ही ग्वालियर नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न प्रोजेक्ट और महत्वपूर्ण स्थानों का सघन भ्रमण करेंगी। जिसमें महापौर और नगर निगम आयुक्त के साथ-साथ सभी पार्षदों को भी सम्मिलित किया जायेगा। जिससे उनकी समस्याओं और उनका व्यवहारिक हल निकाला जा सके।

हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए कि वर्ष 2016 में कौन से प्रोजेक्ट लंबित हैं और 2017 में बोर्ड द्वारा कौन से नए प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं।

हाउसिंग बोर्ड के उपायुक्त श्री महेन्द्र सिंह ने चर्चा के दौरान बताया कि ग्वालियर शहर में हाउसिंग बोर्ड द्वारा साढ़े 32 करोड़ रूपए की लागत से 277 भवनों का कादम्बरी नगर हाउसिंग प्रोजेक्ट तथा दर्पण कॉलोनी में 5 करोड़ 33 लाख रूपए की लागत से कावेरी एन्क्लेव बनाने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। हाउसिंग बोर्ड द्वारा ग्राम शेखूपुरा में 44 एकड़ भू‍मि पर 300 करोड़ रूपए की लागत से तथा ग्राम लक्ष्मणगढ़ बरेठा के समीप 59 एकड़ भूमि में सूर्यनगर विकसित किया जायेगा। जिस पर 250 करोड़ रूपए का व्यय किया जाना प्रस्तावित है। यह प्रोजेक्ट भी नव वर्ष में प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि ग्राम गिरगाँव व खेरियामिर्धा में 70 एकड़ भूमि पर अटल आश्रय योजना के तहत ईडब्ल्यूएस भवनों का बनाया जाना प्रस्तावित है। बोर्ड द्वारा ग्राम डोंगरपुर और पुतलीघर की 38 एकड़ भूमि पर मिश्रित आवास योजना के तहत पद्मावती नगर विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है।  मिश्रित आवासीय योजना बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही दीनदयालनगर के प्रवेश द्वार के समीप व एफ और जी सेक्टर में  कॉमर्सियल काम्प्लेक्स बनाए जाने का कार्य भी हाउसिंग बोर्ड द्वारा शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा।

श्री महेन्द्र सिंह ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा ग्वालियर के अतिरिक्त टीकमगढ़, दतिया, मुरैना, शिवपुरी, श्योपुर जिले भी विभिन्न आवासीय और व्यवसायिक प्रोजेक्ट बनाए जा रहे हैं। जिनका कार्य प्रगति पर है।

ग्वालियर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुरेश शर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा सुरेश नगर योजना 4 व 5 के तहत 39 डुप्लेक्सों का निर्माण कार्य कराया गया है। भाऊ साहब पोतनीस एन्क्लेव के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा द्वितीय चरण का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। यह प्रोजेक्ट मई माह तक पूर्ण कर लिया जायेगा। भगवान सिंह माथुर सिटी एन्क्लेव योजना के तहत प्राधिकरण द्वारा लगभग 8 करोड़ की लागत से 60 एचआईजी फ्लैट का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। प्राधिकरण द्वारा अटल आश्रय योजना के अंतर्गत जड़ेरूआकलां में कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिये 576 फ्लैट निर्माण का कार्य प्रस्तावित है, जो सिया समिति की स्वीकृति हेतु शासन स्तर पर लंबित है।

विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण भटनागर ने बताया कि साडा द्वारा कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिये 1164 ईडब्ल्यूएस और एलआईजी भवनों का निर्माण कराया जाना ग्राम बरा में प्रस्तावित है। जिसकी अधोसंरचना विकास का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही साडा द्वारा निर्मित सौजना हाउसिंग प्रोजेक्ट का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। एनएच-3 और एनएच-75 को जोड़ने के लिये बनाए जाने वाले वेस्टर्न बाईपास के निर्माण के लिये प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जा चुका है। जिसमें वन विभाग से एनओसी प्राप्त हो जाने के बाद इस पर कार्य प्रारंभ किया जायेगा।

 

Share This News :