व्यापम की आहट! कंप्यूटर पर 157 नंबर दिखा, रिजल्ट आया तो 86.1 मिला, लाडली पूछ रही बाकी के नंबर कहां हैं
नीतू राजपूत ने कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित सहायक संपरीक्षक पटवारी और अन्य पदों हेतु भर्ती परीक्षा 2022 उत्तीर्ण की थी। परीक्षा हॉल में परीक्षा खत्म होने के पश्चात कंप्यूटर स्क्रीन पर उसे 157 अंक प्राप्त हुए थे। लेकिन जब परिणाम घोषित हुए तो 86.1 प्रतिशत अंक मिले, जिसमें वो नॉट क्वॉलीफाई रही। ऐसे में नीतू के पिता सुरेश राजपूत ने कर्मचारी चयन मंडल आयोग में परीक्षा परिणाम के संबंध में शिकायती आवेदन देकर संशोधन करने की मांग की है।नीतू राजपूत बताती हैं कि मैंने 21 मार्च 2023 को पटवारी की परीक्षा दी थी, जिसमें मेरा परीक्षा सेंटर श्री वैष्णव पॉलीटेक्निक कॉलेज इंदौर था। जहां मुझे कंप्यूटर स्क्रीन पर 157 नंबर मिले थे और परीक्षा के बीच में दो बार कंप्यूटर बंद भी हुए। वहीं परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद मुझे 87.3 नंबर मिले और नॉर्मलाइजेशन के बाद 86.1 रह गए। कहां गए मेरे नंबर, चार साल की मेहनत है मेरी। मैं एक किसान की बेटी हूं और गरीब परिवार से हूं, घर की जिम्मेदारियां भी हैं मेरी, फर्जीवाड़ा चल रहा है, सिर्फ मेरा ही नहीं और भी लोगों के केस देखने को मिले हैं।