Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सीएम शिवराज ने पटवारी भर्ती परीक्षा की नियुक्तियों पर रोक लगाई, एनआरआई सेंटर के परिणाम की होगी जांच

मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा ग्रुप-2 उप समूह-4 एवं पटवारी भर्ती परीक्षा पर सफाई देने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फिलहाल परीक्षा के आधार पर की जाने वाली नियुक्तियों पर रोक लगा दी है। अब भाजपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह के कॉलेज के सेंटर के परिणाम को दोबारा परीक्षण किया जाएगा।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा समूह 2 उप समूह 4 एवं पटवारी भर्ती परीक्षा के  परीक्षा परिणाम में एक सेन्टर के परिणाम पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इस परीक्षा के आधार पर की जाने वाली नियुक्तियां अभी रोक रहा हूं। सेन्टर के परिणाम का पुनः परीक्षण किया जाएगा। बता दें परीक्षा परिणाम में धांधली को लेकर कांग्रेस के हमलावर होने के साथ ही भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में अभ्यार्थी जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसकी जांच की मांग को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने सीएम को पत्र भी लिखा था। कांग्रेस ने पूरे मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। 

Share This News :