मुख्यमंत्री घोषणाओं की मशीन, 18 वर्ष में 22 हजार घोषणाएं कर चुके हैं : कमल नाथ
भोपाल। मेरी बहनों। आपने भाजपा की सरकार में इतने कम मानदेय में काम कैसे कर लिया?मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तरह घोषणाएं नहीं करता हूं। आपको वचन देता हूं कि कांग्रेस की सरकार आई तो आपका अपमान नहीं होने दूंगा। आपकी सभी मांगें वचन पत्र में शामिल करूंगा। मानदेय बढ़ाया जाएगा। अब चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो मुख्यमंत्री चौहान घोषणाएं करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अब उन्हें बहने, बुजुर्ग, बेरोजगार युवा सब याद आ रहे हैं। आपको बता दूं कि मुख्यमंत्री घोषणाओं की मशीन हैं। उन्होंने अपने 18 वर्ष के अधिक कार्यकाल में 22 हजार घोषणाएं की हैं, जमीनी स्तर पर घोषणाएं पूरी नहीं हो पाती हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भेल दशहरा मैदान पर रविवार को आयोजित प्रांतीय स्व-सहायता समूह महासंघ के महाआंदोलन में कही।
वे प्रदेश भर से आईं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री चौहान कर्जा पर कर्जा ले रहे हैं। प्रदेश को तीन लाख 30 हजार करोड़ रुपये के कर्जा में डाल दिया है। इस कर्ज का उपयोग बेरोजगारों को नौकरी देने, स्व-सहायता समूह की महिलाओं का मानदेय बढ़ाने के लिए नहीं किया, बल्कि ठेका और कमीशन में किया जा रहा है। कांग्रेस की सरकार 15 महीने रही। इसमें ढाई महीने लोकसभा चुनाव की चुनाव आदर्श संहिता में चले गए। मुझे काम करने के लिए 11 महीने मिले। इसमें 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी। 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 1000 प्रदेश में गोशालाएं बनवाईं। कांग्रेस की सरकार बनने पर 1500 बहनों को दिए जाएंगे। 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा। 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली और 200 यूनिट आने पर बिजली बिल आधा किया जाएगा। ये मेरी घोषाणा नहीं हैं। आपको वचन देता हूं।