Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
6 मंत्रियों का अपनी पार्टी के नेताओं से राजनीतिक झगड़ा:विधायक, पूर्व सांसद कर रहे मंत्रियों की शिकायत

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में अंतर्कलह के कई मामले सामने आ रहे हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि एक साथ कई मंत्रियों के खिलाफ उन्हीं के इलाके के नेता खुलकर शिकायतें कर रहे हैं। खास बात यह है कि शिकवा-शिकायतें कोर ग्रुप की बैठकों तक पहुंच गई हैं। ताजा उदाहरण उज्जैन का है। सीएम निवास पर बुधवार को हुई उज्जैन कोर कमेटी की बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव के खिलाफ पूर्व मंत्री पारस जैन और पूर्व सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय समेत अन्य नेताओं ने एक सुर में मोर्चा खोल दिया। पूरा मामला मंत्री यादव की जमीन को मास्टर प्लान में लाने से जुड़ा बताया जा रहा है। इस दौरान यादव और मालवीय के बीच तीखी बहस हुई और ये सब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने हुआ। मंत्री से राजनीतिक झगड़े के इस तरह के कई उदाहरण हैं।

उज्जैन कोर कमेटी की बैठक चुनावी तैयारी को लेकर बुलाई गई थी। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने उज्जैन के मास्टर प्लान में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव और उनके परिवार की जमीन को सिंहस्थ क्षेत्र से मुक्त करने की बात छेड़ते हुए पूर्व मंत्री पारस जैन ने सवाल उठाए। उनकी बात का समर्थन पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय ने भी किया। दरअसल, उज्जैन जिले में मंत्री मोहन यादव के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को रोकने के लिए पूर्व मंत्री पारस जैन और पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय ने हाथ मिला लिया है। दूसरी तरफ वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया का मोहन यादव को समर्थन है। चिंतामणि महापौर का टिकट चाहते थे, लेकिन पार्टी ने मुकेश टटवाल को मौका दिया।

शिवपुरी : मंत्री सिसोदिया के खिलाफ मुखर विधायक रघुवंशी

यहां पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी आमने-सामने हैं। वीरेंद्र रघुवंशी आरोप लगा रहे हैं कि पंचायत मंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इसकी अंदरूनी कहानी कुछ और है। रघुवंशी 2013 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर शिवपुरी से चुनाव लड़े और बीजेपी उम्मीदवार यशोधरा राजे सिंधिया से हार गए। इस चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रघुवंशी के पक्ष में प्रचार भी किया था। इसके बाद उन्होंने 2017 में बीजेपी की सदस्यता ले ली। 2018 में बीजेपी ने कोलारस से उन्हें उम्मीदवार बनाया। उन्होंने कांग्रेस के महेंद्र यादव को हराया, जो सिंधिया समर्थक हैं। अब 2023 के चुनाव में रघुवंशी और यादव टिकट के दावेदार हैं। ऐसे में आरोप है कि सिंधिया के करीबी मंत्री सिसोदिया सार्वजनिक कार्यक्रमों में यादव को तरजीह दे रहे हैं।

मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ अचानक नहीं फूटा था गुस्सा

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित सागर के बीजेपी विधायकों ने मोर्चा खोला है। 23 मई को कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से दोनों मंत्रियों, विधायकों- शैलेंद्र जैन और प्रदीप लारिया के साथ सागर जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ शिकायत की।बीजेपी सूत्रों का कहना है कि जिला प्रशासन भूपेंद्र सिंह के अलावा अन्य नेताओं को तवज्जो नहीं देता है। कलेक्टर खुरई एसडीएम कार्यालय में भूपेंद्र सिंह की उपस्थिति में जनसुनवाई करते हैं, जबकि गोपाल भार्गव ने 1100 कन्याओं का विवाह समारोह आयोजित किया, लेकिन कलेक्टर नहीं पहुंचे।भूपेंद्र की गोपाल भार्गव और गोविंद सिंह राजपूत के बीच खाई बढ़ने की वजह सागर में ओबीसी की राजनीति भी है। भूपेंद्र को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का साथ है। गोपाल भार्गव को गोविंद सिंह राजपूत का साथ मिला है। भूपेंद्र सिंह दांगी है, जबकि गोविंद सिंह राजपूत हैं। प्रह्लाद पटेल के खेमे में शक्ति बाबू सिंह के भतीजे सरबजीत सिंह ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। उन्हें भूपेंद्र सिंह का भी समर्थन था। सरबजीत सिंह ने गोविंद सिंह के भतीजे अरविंद सिंह को 5 हजार से अधिक वोटों से हराकर यह चुनाव जीता था।

भाजपा के पूर्व नेता ने किए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से जुड़े खुलासे

राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को भी सागर में पार्टी के अंदर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। राजपूत ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाते हैं। नवंबर 2021 के उपचुनाव के बाद से नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के रिश्तेदार और बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे राजकुमार सिंह ठाकुर 'धनौरा' के साथ उनकी राजनीतिक वर्चस्व की जंग चल रही है।गोविंद सिंह राजपूत जब कांग्रेस में थे, तब से ही उनके खिलाफ सुरखी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी से चुनाव लड़ने की तैयारी राजकुमार सिंह धनौरा कर रहे थे। उनकी सागर सांसद राजबहादुर सिंह से रिश्तेदारी है। चूंकि गोविंद सिंह बीजेपी में शामिल हो गए, ऐसे में राजकुमार को राजनीतिक रूप से नुकसान की आशंका थी। गोविंद सिंह को भी चुनाव में खतरा दिख रहा था। इस बीच राजकुमार के खिलाफ पुराने मामलों में मुकदमे दर्ज हुए। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ पुलिस ने इनाम तक घोषित कर दिया। उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मंजूर करानी पड़ी।पिछले साल धनौरा को बीजेपी से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद तो धनौरा ने मंत्री राजपूत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ससुराल से मंत्री को दान में मिली 50 एकड़ जमीन के मामले का खुलासा उन्होंने किया था।

मंत्री हरदीप सिंह डंग पर गो तस्करों को संरक्षण देने का आरोप

22 मार्च को एक कार्यक्रम में बीजेपी समर्थित गोकथा वाचक गोशरण महाराज ने शिवराज सरकार में नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग पर गो तस्करों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, गोशरण महाराज ने सुवासरा मेले से भरे गए बैलों को जावरा में पकड़ने के दौरान हरदीप सिंह डंग के साइन की पर्ची भी दिखाई । जब गोशरण महाराज ने यह आरोप लगाए, उस दौरान मंत्री हरदीप सिंह डंग भी मंच के सामने मौजूद थे।बीजेपी सूत्रों का कहना है कि मंदसौर में डंग समर्थकों की बात ज्यादा मानी जाने से भाजपा के पुराने कार्यकर्ता नाराज हैं।

खाद्य मंत्री बिसाहू लाल सिंह का पूर्व विधायक रामलाल कर रहे विरोध

अनूपपुर में बीजेपी दो गुटों में बंटी है। भाजपा के पूर्व विधायक रामलाल और प्रदेश सरकार में खाद्य मंत्री बिसाहूलाल आमने-सामने हैं। हर मंच पर दोनों के बीच टकराव दिखता है। बिसाहूलाल सिंह के किसी भी कार्यक्रम में रामलाल पोस्टर-बैनर से गायब ही रहते हैं। जब बिसाहूलाल सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी, तब भी उनके पहले कार्यक्रम में रामलाल का नाम पोस्टर और बैनर से गायब था।

पूर्व विधायक रामलाल भी अपनी ही सरकार के खिलाफ कई बार मोर्चा खोल चुके हैं। ओवरब्रिज निर्माण न होने के कारण वे सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठे थे। वहीं, बिसाहूलाल सिंह के भाजपा में आने के बाद पुराने कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी है।

ये बयानबाजी विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए प्रेशर पॉलिटिक्स

बीजेपी के एक पदाधिकारी के मुताबिक, जिलों में जिस तरह से नेता एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, वह विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए प्रेशर पॉलिटिक्स है। उनमें से कुछ ध्यान आकर्षित करने और अपना लक्ष्य हासिल करने के प्रयास में विवादास्पद बयान देते हैं। पार्टी ऐसे सभी बयानों और घटनाक्रमों पर नजर रख रही है। ऐसे नेताओं से राजनीतिक तरीके से निपटने की तैयारी है।

हाल के दिनों में, पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन, भंवर सिंह शेखावत और हरेंद्रजीत सिंह बब्बू सहित कई अन्य बीजेपी नेताओं ने भी पार्टी में विभिन्न मामलों को लेकर अपनी नाराजगी जताई है।

बीजेपी की अंर्तकलह की वजह जानकार यह भी मानते हैं कि प्रदेश नेतृत्व गुटों के बीच मतभेदों को दूर करने में असमर्थ साबित हो रहा है। कई नेता खुले तौर पर पार्टी और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ बयान जारी कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ भी आवाज उठाई जा रही है। खासतौर पर वे नेता, जो उनके बीजेपी में आने के बाद अपने राजनीतिक करियर को खतरे में पा रहे हैं।

Share This News :