Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भाजपा-कांग्रेस के बीच पोस्टर वार, करप्शन नाथ के बाद शिवराज घोटाला राज के पोस्टर

मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में चुनाव है। इससे पहले प्रदेश में सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह कमलनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगने के बाद शाम को मुख्यमंत्री शिवराज के खिलाफ पांच नंबर बस स्टाप, बोर्ड ऑफिस, सतपुड़ा भवन, विशाल मेगा मार्ट के आसपास पोस्टर लगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ पोस्टर में लिखा गया कि 18 साल घपले और घोटालों की भरमार। पोस्टर में डंपर घोटाला, व्यापम महा घोटाला, पोषण आहार घोटाला, इटेंडरिंग घोटाला, कारम डैम घोटाला, कन्यादान घोटालों का जिक्र किया गया। इसमें सीएम की तस्वीर के साथ प्रदेश को घोटाला नंबर वन राज्य बताया गया। इस पर पूर्व सीएम कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने कहा कि सबको अपने कर्मों का हिसाब यहीं देकर जाना है। भाजपा ने सुबह षड्यंत्र पूर्वक कमलनाथ जी को अपमानित करने वाले पोस्टर लगवाए। मध्य प्रदेश की जनता ने ईट का जवाब पत्थर से देते हुए शिवराज जी की सच्चाई पूरे भोपाल में चस्पा कर दी। वल्लभ भवन, पांच नंबर, शौर्य स्मारक और ना जाने कहां कहां सत्य उद्घाटित करते पोस्टर लगा दिए गए।बता दें सुबह भोपाल में वांटेड और करप्टनाथ के पोस्टर लगाने पर पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ के पोस्टर लगे थे। इस पर कमलनाथ ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि मेरे 47 साल के राजनीतिक जीवन में अब तक किसी ने उंगली नहीं उठाई। यदि मेरे खिलाफ मामले है तो तीन साल से भाजपा सत्ता में है, अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।

 
 
 

Share This News :