Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सीएम के सामने उलझे भाजपा नेता ,जाने क्यों

सागर और शिवपुरी के बाद अब उज्जैन में भी भाजपा नेताओं की आपसी कलह खुलकर सामने आई है। सीएम निवास में  हुई उज्जैन की कोर कमेटी की बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव के खिलाफ पूर्व मंत्री पारस जैन और पूर्व सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय समेत तमाम नेता आ गए। मंत्री यादव और डॉ. मालवीय के बीच तो तीखी बहस हो गई। पूरा मामला मंत्री यादव द्वारा खुद की जमीन को मास्टर प्लान में लाने से जुड़ा है। यह जमीन सिंहस्थ की थी, जिसे आवासीय किया जा रहा है। इसके बाद जमीन की कीमत अरबों में होगी।

सूत्रों के मुताबिक कोर कमेटी की बैठक में पहले तो चुनावी तैयारी पर बात हुई, लेकिन जैसे ही बैठक खत्म होने लगी, पूर्व मंत्री पारस जैन ने सिंहस्थ का मामला उठा दिया। उन्होंने कहा कि 1998 से लेकर अभी तक सिंहस्थ की जमीन थी, अब मास्टर प्लान में कुछ हिस्सा आवासीय कर दिया गया। सेटेलाइट टाउन सिंहस्थ से मुक्त कर दिया गया। यह गलत हुआ है। इसके बाद डॉ. मालवीय ने भी यही दोहराया कि जनता में गलत संदेश गया है। नकारात्मकता फैल रही है। इन्होंने (मंत्री यादव) अपनी और परिवार की 500 बीघा जमीन आवासीय कराई है। इतना कहते ही मंत्री यादव भी बोलने लगे कि यह सब गलत है। तेज बहस देख मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद अवाक रह गए।

सागर-शिवपुरी में भी विवाद

उज्जैन से पहले सागर और शिवपुरी की कोर कमेटी में भी नेताओं की अनबन सामने आई थी। सागर वाले मामले में मंत्री भूपेंद्र सिंह के विरोध में बाकी नेता थे। शिवपुरी में मंत्री सिसोदिया पर भाजपा विधायक नाराज हुए थे।

जहां जो बात कहनी थी कह दी- जैन

पूर्व मंत्री जैन ने कहा कि कोर कमेटी में बहुत सी बाते होती हैं। कुछ लोगों ने सिंहस्थ की बात रखी। आप उन्हीं से पूछिए। जहां तक मेरी बात है तो जहां जो बात कहनी थी, कह दी। बैठक में मंत्री यादव, पारस जैन और डॉ. मालवीय के साथ उज्जैन शहर के जिलाध्यक्ष विवेक जोशी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बहादुर सिंह, पूर्व शहर अध्यक्ष इकबाल सिंह गांधी, जिला महामंत्री नहर सिंह व विशाल राजौरिया समेत अन्य मौजूद रहे।

अभी मास्टर प्लान लागू नहीं हुआ

विवाद के बीच सीएम ने कहा कि इस मामले में ट्वीट करके बता चुका हूं कि अभी मास्टर प्लान लागू नहीं हुआ है। इस पर मालवीय ने कहा- भाईसाहब इससे कुछ नहीं होगा। कैबिनेट में ले जाकर स्थिति साफ करनी चाहिए। जहां तक प्रचार की बात की जा रही है तो यह गलत है। यह पब्लिसिटी के लिए नहीं है, जनता को जवाब देना है। उज्जैन में क्या हो रहा है, सब जानते हैं।

Share This News :