अमराई में बैठ कोदो के भात-कुटकी की खीर का स्वाद चखेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को मध्य प्रदेश आ रहे हैं। भोपाल में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री शहडोल के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां दोपहर का भोजन आदिवासी समाज के लोगों के साथ आम के पेड़ों के नीचे ‘अमराई‘ में बैठकर करेंगे। उनके लिए मिलेट्स का भोजन स्वयं सहायता समूह की दीदियां तैयार करेंगी। इसमें कोदो का भात, कुटकी की खीर, स्थानीय वनस्पति अमरूद से वेलकम ड्रिंक प्रधानमंत्री के लिए तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बेल का शरबत, मक्के और बाजरे की रोटी भी खाने में शामिल होंगे। उनको पीने का पानी चंदिया की सुराही में उपब्ध कराया जाएगा। चंदिया की सुराही बहुत प्रसिद्ध है। शहडोल जिला प्रशासन ने भोजन व्यवस्था और व्यंजनों की लिस्ट प्रधानमंत्री कार्यालय भेज दी है। अब वहां के निर्देशों का इंतजार है। शहडोल संभाग के कमिश्नर राजीव शर्मा ने बताया कि पीएम मोदी की भोजन व्यवस्था अमराई में रखी गई है। मोटे अनाज के व्यंजन स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा जनजातीय समाज के घर में तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण परिवेश की झलक दिखेगी।
तख्त पर बैठकर करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री अमराई में पेड़ों के नीचे तख्त पर बैठकर आदिवासी समाज के लोगों से संवाद करेंगे। उनसे चर्चा करने वाले सभी लोग खटिया पर बैठेंगे। प्रधानमंत्री यहां पर 100 स्वयं सहायता समूह की 100 लखपति दीदियों से भी संवाद करेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लखपति दीदियों के बारे में बताया कि ये दीदियां स्वयं सहायता समूह की ऐसी महिलाएं हैं, जिनकी एक साल में आय एक लाख से ज्यादा हो गई है। उन्होंने अपनी मेहनत से अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारा है। प्रधानमंत्री फुटबॉल खिलाड़ियों से भी बातचीत करेंगे।
पीएम तीन घंटे रहेंगे शहडोल में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को दोपहर करीब 3.30 बजे शहडोल पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर लालपुर गांव की हवाई पट्टी पर उतरेगा। आदिवासी नर्तक उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी कुछ ही दूरी पर बने मंच से दो अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसमें सिकल सेल एनीमिया से पीड़ितों की स्क्रीनिंग और इलाज की व्यवस्था का अभियान शुरू होगा। दूसरा मध्य प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड का प्रतीकात्मक रूप से वितरण होगा। उसी समय प्रदेश के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और उसके साथ-साथ गांव, शहर और पंचायतों में आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ही पांच गौरव यात्राओं का समापन होगा। प्रधानमंत्री 6.30 बजे लौट जाएंगे।