Home > राज्यो से ,
मर्डर के 23 दिन बाद साक्षी का केस कहां:पिता बोले- हिंदू-मुस्लिम की बात नहीं, UP होता तो साहिल का एनकाउंटर हो जाता

दिल्ली के शाहबाद डेयरी एरिया में एक छोटा और कच्चा सा घर। अंदर मौजूद पति-पत्नी टीवी पर न्यूज देख रहे हैं। न्यूज में अपनी बेटी साक्षी को तलाश रहे हैं, जिसकी 28 मई को बहुत बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

साक्षी के एक्स बॉयफ्रेंड बताए गए साहिल ने सड़क पर उसे 20 से ज्यादा बार चाकू मारा और फिर पत्थर से सिर कुचल दिया। मर्डर के कुछ दिन तक साक्षी के घर नेता, पुलिस, मीडिया सब आते रहे। अब सन्नाटा है। उसके माता-पिता टीवी इसलिए देख रहे हैं ताकि पता चले कि केस कहां तक पहुंचा, लेकिन अब साक्षी की खबर कहीं नहीं है।

साक्षी की मौत को 23 दिन बीत गए। सुबह से रात तक उसके परिवार को दिखाने वाले मीडिया के कैमरे अब दिखाई नहीं दे रहे। दिल्ली सरकार की तरफ से परिवार को 10 लाख रुपए की मदद मिली है। हालांकि ये पहेली अब भी अनसुलझी है कि साक्षी की मौत से पहले क्या हुआ था।

UP होता तो अब तक बेटी को मारने वाले का एनकाउंटर हो जाता…
मर्डर से कुछ घंटे पहले साक्षी ने फोन पर मां से बात की थी। फिर साक्षी की दोस्त भावना ने आकर बताया कि उसे किसी ने चाकू मार दिया है, तो मां को यकीन नहीं हुआ। वे कहती हैं, ‘थोड़ी देर बाद पुलिस वाले आए और साथ चलने के लिए कहा। मैंने पूछा कि मुझे क्यों ले जा रहे हैं, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और बस चलने के लिए कहा। तभी मेरे पति आ गए और उन्होंने साक्षी की पहचान की।’

साक्षी के पिता कहते हैं, ‘मैं बस ये चाहता हूं कि साहिल को फांसी की सजा हो। वो भी उस जगह पर जहां उसने मेरे बेटी को मारा है। ये हिंदू-मुस्लिम की बात नहीं है, बात अपराधी की है। साहिल ने जो अपराध किया है, उसके लिए मौत की सजा ही मिलनी चाहिए, फिर भले वो किसी भी जाति या धर्म से हो।’

‘हम UP के रहने वाले हैं। दिल्ली सरकार से उम्मीद है, लेकिन अगर यहां हमें इंसाफ नहीं मिला तो हम यूपी के CM योगी आदित्यनाथ के पास जाएंगे। अगर ये केस UP में होता तो अब तक साहिल का एनकाउंटर हो चुका होता। पूरे मामले की CCTV फुटेज है। योगी जी के लिए इतना ही काफी होता है, किसी को न्याय दिलाने के लिए।

Share This News :