Home > राज्यो से ,
सिमरिया घाटी में पलटी बस,सिपाही ने कंधे पर लादकर निकाले घायल

इंदौर से मुरैना आ रही AC बस आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना का शिकार हो गई है। ग्वालियर के पनिहार स्थित सिमरिया घाटी पर सोमवार सुबह इंदौर से आ रही AC बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस घाटी में 20 फीट गहराई में जाकर गिरी है। किस्मत से हादसे में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। उनमें से कुछ की हालत नाजुक है। घटना डीजल बचाने के चक्कर में हुई है।

घाटी पर चालक ने गाड़ी न्यूटल कर दी थी। जिसके बाद उसे संभालना मुश्किल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची DIAL 100 में पदस्थ सिपाही ने राजवीर लोधी ने घाटी में उतरकर बस के कांच तोड़कर घायलों को निकाला और कंधे पर उठाकर 20 से 25 फीट की चढ़ाई कर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। जवान की सूझबूझ से कई लोगों की जान बच गई है।घाटीगांव SDOP संतोष पटेल ने बताया कि इंदौर से मुरैना के बीच चलने वाली एसकेटी बस सर्विस की वीडियो कोच AC बस नंबर MP13 P-5999 रविवार रात को इंदौर के विजय नगर बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर मुरैना के लिए रवाना हुई थी। आगरा-मुम्बई नेशनल हाइवे पर बस फर्राटे भरते हुए सोमवार सुबह 7 बजे ग्वालियर के पनिहार टोल से पहले सिमरिया घाटी तक पहुंच गई थी। यहां घाटी की ढलान से बस नीचे उतर रही थी तो चालक ने डीजल बचाने के चक्कर में बस का इंजन ऑफ कर उसे न्यूटल गियर पर डाल दिया। जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई। बस हाइवे पर लहराते हुए सिमरिया घाटी में 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। बस ने दो बार गुलाटें खाई थीं। बस पलटने से बस का दरवाजा जमीन की तरफ था और सवारी उसमें फंसकर रह गई। घटना का पता चलते ही पुलिस की DIAL100 मौके पर पहुंची और उस पर पदस्थ आरक्षक राजवीर सिंह लोधी व रिंकू यादव व अन्य स्टॉफ ने जिम्मेदारी उठाई और बस में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।घायलों को कंधे पर उठाकर 20 फीट की घाटी कई बार चढ़ा
हादसे में घायलों की मदद करते हुए DIAL 100 के जवान राजवीर ने कांच तोड़कर घायल यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। जवान ने घायलों को घाटी से निकालने और हाइवे पर खड़ी एम्बुलेंस तक पहुंचाने के लिए कंधे पर उठाकर कई बार घाटी चढ़ी। इस दौरान जवान की हालत भी खस्ता हुई, लेकिन उसने अपनी टीम के साथ पूरा फर्ज निभाया और बस यात्रियों की जान बचाई। हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी ग्वालियर व मुरैना के बताए गए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को जयारोग्य हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। दो घायलों की हालत नाजुक है।
क्रेन से निकाला यात्रियों के लगेज
पुलिस ने क्रेन और JCB मशीन की मदद से खाई मंे पलटी बस में से यात्रियों के लगेज को बाहर निकालकर सुरक्षित किया है। दोपहर तक खाई से बस को बाहर निकालने की कवायद जारी थी।
पुलिस का कहना
SDOP घाटीगांव संतोष पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में DIAL 100 में पदस्थ जवानों ने अच्छा काम किया है। घायलों को बस से बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया है। प्राथमिक कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान बचाई गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Share This News :