सीबीआई :करोड़ों के आलीशान बंगले में रहता था घूसखोर जीएसटी अफसर
जबलपुर। सात लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) अफसर कपिल काम्बले समेत पांच अफसर सीबीआई की रिमांड पर हैं। इनसे पूछताछ चल रही है। जीएसटी अधीक्षक और रिश्वत की सौदेबाजी करने वाला मास्टरमाइंड कपिल कांबेल के बारे में जानकारी लगी है कि वह शान शौकत की जिदंगी जीता था। जबलपुर में रांझी के बड़ा पत्थर में उसका करोड़ों का आलीशान तीन मंजिला बंगला है जिसमें सारी आधुनिक सुविधाएं मौजूद है। इतना ही नहीं अवैध कमाई से वह विदेश घूमने का भी शौक रखता था। उसके घर में जिस वक्त सीबीआइ ने छापा मारा था तो घर में आर्टिफिशियल झरना, आधुनिक सुविधा से लैस फर्नीचर, फर्श पर इटैलियन मार्बल और जिम मिला था। इतना ही नहीं दरवाजों में सुरक्षा के लिए सेंसर ग्लास डोर लगे हैं।
2012 में शुरू की थी नौकरी
सीबीआई की पूछताछ में पता चला कि कपिल कांबले की नौकरी 10 साल पहले 2012 में शुरू हुई थी। पिछले करीब 6 महीने पहले ही कांबेले ने बड़ा पत्थर रांझी की जेडीए कालोनी में मकान खरीदा था। इस घर में सारी सुविधाएं मौजूद है। कपिल ने अपने शौक और सुविधाओं का बंगले में पूरा ख्याल रखा है। तीसरी मंजिल में कपिल ने खुद के लिए निजी जिम बना रखा है। जहां वह अपनी बाडी बनाता था। घर की सीलिंग में महंगे झूमर लगे हुए है। जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला
दमोह नोहटा में गोपन तंबाकू प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड में विगत 18 मई को जीएसटी ने छापा मारा था। जीएसटी चोरी के मामले में फैक्ट्री को सीज कर दिया गया। छापेमारी जीएसटी प्रिवंटी ब्रांच के अधीक्षक कपिल कांबले समेत 11 अफसरों ने की। बाद में फैक्ट्री के मैनेजर अधिकारियों से मिले और फैक्ट्री सीज रिलीज आर्डर के लिए बातचीत की। कपिल कांबले से इस संबंध में वाट्सअप पर बातचीत भी मैनेजर भागीरथ और गिरीराज के साथ हुई। अफसरों ने पहले एक करोड़ रुपये की मांग की, बाद में 35 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। फैक्टी संचालक ने इस बीच सीबीआइ एसपी रिजपाल सिंह से रिश्वत की शिकायत की। एक हफ्ते पहले शिकायतकर्ता द्वारा 25 लाख रुपये नकद जीएसटी कार्यालय में जाकर दिया गया। अंतिम किस्त के दस लाख रुपये देने के बाद रिलीज आर्डर जारी होना था। शिकायतकर्ता ने पैसों का इंतजाम नहीं होने का हवाला देते हुए सात लाख अंतिम किस्त का देने की बात तय की। फैक्ट्री के मैनेजर भागीरथ और गिरीराज 13 जून की शाम जीएसटी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने थैले में पैसा दिया जिसे अफसर गिन ही रहे थे तभी सीबीआइ की टीम ने छापा मारकर पकड़ा। मौके से सीबीआइ ने जीएसटी अधीक्षक कपिल कांबले, अधीक्षक सौमेन गोस्वामी, इंस्पेक्टर विकास गुप्ता, प्रदीप हजारी, वीरेंद्र जैन को हिरासत में लिया। इनके दफ्तर के अलावा घर में भी छापा मारकर नकद करीब 83 लाख रुपये बरामद किए। सीबीआइ कोर्ट ने सभी आरोपितों को 20 जून तक सीबीआइ को रिमांड में दिया है। छापे के दौरान सीबीआइ टीम के डिप्टी एसपी जेजे दामले, इस्पेक्टर प्रशांत राज, एमके बैजूए यूपी सिंह, जुगल किशोरए संदीप सिंह एवं अन्य शामिल रहे।