Home > अपना शहर ,
मध्यप्रदेश कला प्रदर्शनी-2017 के लिये 15 जनवरी तक कलाकृतियाँ माँगी मिलेंगे 10 पुरस्कार

उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा मध्यप्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार प्रदर्शनी-2017 का आयोजन किया जा रहा है। अकादमी द्वारा मध्यप्रदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों के नाम से स्थापित रूपंकर एवं ललित कलाओं के 10 पुरस्कारों के लिये यह कलाकृतियाँ आमंत्रित की जा रही हैं। प्रत्येक पुरस्कार की राशि 21 हजार रूपए होगी। इसके लिये आवेदन पत्र 15 जनवरी 2017 को सायंकाल 5 बजे तक स्वीकार किए जायेंगे।

      प्रदर्शनी से संबंधित नि:शुल्क विवरणिका उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी भोपाल, तानसेन कलावीथिका ग्वालियर, भारत भवन भोपाल, राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल, कालिदास संस्कृत अकादमी उज्जैन, ललित कला संकाय से प्राप्त किए जा सकते हैं। कलाकृतियों के साथ प्रदर्शनी में प्रवेश शुल्क 200 रूपए नगद जमा करना होंगे। प्रदर्शनी में दो कलाकृतियां मान्य की जायेंगी। प्रदर्शनी में 25 से 50 वर्ष तक की आयु के कलाकार भाग ले सकेंगे। कलाकारों की मौलिक कलाकृतियाँ जो वर्ष 2015 के बाद सृजित हो, वे ही मान्य की जायेंगी। कलाकृतियाँ उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी रविन्द्रनाथ ठाकुर मार्ग, बाणगंगा चौराहा भोपाल तथा प्राचार्य शासकीय ललित कला महाविद्यालय इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर में भी 15 जनवरी 2017 को सायंकाल 5 बजे तक स्वीकार की जायेंगी। अकादमी की फेसबुक वेबसाइट से भी आवेदन पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा। साथ ही अन्य अन्य माध्यम से डाउनलोड आवेदन विवरणिका की फोटोप्रतियाँ (ए-4 साईज) भी प्रवेश पत्र के रूप में स्वीकार की जायेंगी।

      अधिक जानकारी के लिये श्री राजेन्द्र भटनागर कार्यक्रम अधिकारी उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी भोपाल मोबा. नं. 9425373349 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share This News :