BJP कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लगवा रहे मंत्री सिसोदिया:BJP प्रदेश अध्यक्ष के सामने सीएम से भाजपा MLA ने की शिकायत
सागर में मंत्रियों के बीच खींचतान का मामला जैसे - तैसे ठंड़ा पड़ता जा रहा था कि अब सिंधिया के करीबी मंत्री पर भाजपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकद्मे लगवाने का आरोप लग गया। बुधवार को सीएम हाउस में हुई गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में कोलारस से भाजपा विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने मुख्यमंत्री से पंचायत मंत्री और शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया पर भाजपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकद्मे दर्ज कराने की शिकायत की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मौजूद थे। विधायक इतने गुस्से में थे कि वे बैठक छोड़कर जाने लगे तो वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें समझाइश देकर शांत किया।
बैठक छोड़कर जाने लगे विधायक
वाकिया बुधवार को सीएम हाउस में शिवपुरी जिले के कोर कमेटी के पदाधिकारियों, सांसद, विधायक की बैठक में हुआ। बैठक के दौरान पार्टी में असंतोष खत्म करने को लेकर चर्चा शुरु हुई तो इसी बीच कोलारस विधायक बीरेंद्र सिंह रघुवंशी ने सीएम और प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि इस तरह की बैठक का कोई मतलब नहीं है। जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। इस तरह की बैठक का भी कोई मतलब नहीं है। इसके बाद वे उठकर बैठक से जाने लगे तो सीएम समेत अन्य पार्टी नेताओं ने उन्हें रोका। विधायक को समझाईश दी गई पर वे काफी देर तक असंतुष्ट से दिखे।
सीएम ने मांगी महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट
बैठक में सीएम और प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से पूछा कि जब सरकार हर वर्ग के लिए इतनी अच्छी योजनाओं का लाभ दिला रही है तो आखिर क्यों यह माहौल बन रहा है कि बीजेपी सरकार नहीं आ रही है। बीजेपी नेताओं से सीएम ने सूची मांगी कि विधानसभा चुनाव के पहले कौन से ऐसे काम किए जा सकते हैं, जिसके बाद पब्लिक पर अच्छा असर हो और उसका फायदा पार्टी को मिले।
सीएम हाउस में भोजन करने भी कर दिया इनकार
बैठक में शामिल हुए एक पदाधिकारी ने बताया कि विधायक इतने नाराज थे कि वे बैठक से बाहर निकल आए और वहीं जोर से कहने लगे कि एक तरफ एफआईआर कराते हैं और दूसरी तरफ सीएम हाउस बुलाकर दिखावा करते हैं। हमें सीएम हाउस में बैठक करने और यहां खाने का शौक नहीं है। इस बीच प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा आए और उन्हें बैठक में ले गए। वहां उनसे कहा गया कि इस पर अलग से बात की जाएगी( इस संबंध में विधायक से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।