सतपुड़ा भवन में भीषण आग के बाद हालात बेकाबू, सेना बुलाई, सीएम ने की प्रधानमंत्री से चर्चा
राजधानी में सतपुड़ा भवन के स्वास्थ्य संचालनालय कार्यालय में भीषण आग लग गई। आग में दस्तावेज जलकर खाक हो गए। भीषण आग के बाद सतपुड़ा भवन को खाली करा लिया गया है। आग की वजह से आसपास दो किलोमीटर के दायरे में धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। आग से किसी तरह की जनहानि की सूचना अब तक नहीं है। आग से चार मंजिलों में रखी सभी तरह की फाइलें और सामान पूरी तरह जलकर हुआ खाक। करीब सात घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। रात सवा ग्यारह बजे चौथी मंजिल पर फिर आग भड़क उठी। देर रात वायु सेना टीम सतपुड़ा भवन पहुंच गई।देर रात के हालात देखकर लग रहा है कि पूरा सतपुड़ा भवन ही आग में जलकर खाक हो जाएगा। सीएम शिवराज सिंंह चौहान ने इस अग्निकांड की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी इस बारे में जानकारी देकर मदद मांगी है।जानकारी के अनुसार आग सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर लगी। इस मंजिकल पर अनुसूचित जनजाति क्षेत्रीय विकास योजना का कार्यालय है। इसके बाद आग तेजी से फैली और छठी मंजिल तक पहुंच गई। चौथी,पांचवीं और छठी मंजिल पर स्वास्थ्य संचालनालय के कार्यालय हैं। आशंका जताई जा रही है कि यहां सभी फाइलें आग में नष्ट हो गई हैं।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स की मदद मांगी है। उनके आग्रह पर रक्षा मंत्री ने एयरफोर्स को निर्देशित किया है। रक्षा मंत्री के निर्देश पर आज रात AN 32 विमान और MI 15 हेलीकाप्टर भोपाल पहुंच रहे हैं । AN 52 और MI 15 बकेट के द्वारा सतपुड़ा भवन में ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं भोपाल एयरपोर्ट रात भर खुला रहेगा।सीएम ने आग के प्रारंभिक कारणों का पता लगाने के लिए कमेटी गठित की है। इस कमेटी में एसीएस होम राजेश राजौरा के साथ पीएस अर्बन नीरज मंडलोई, पीएस पीडब्ल्यूडी सुखबीर सिंह और एडीजी फायर रहेंगे। यह कमेटी जांच के प्रारंभिक कारणों का पता कर रिपोर्ट मुख्यमंत्री चौहान को सौंपेंगे ।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर चर्चा कर आग बुझाने के मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों (आर्मी, एयरफोर्स,भेल, सीआईएएसएफ, एयरपोर्ट एवम अन्य)से मिली मदद से भी अवगत कराया । प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।सूचना पर कलेक्टर आशीष सिंह के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। आग से तीसरी और चौथी मंजिल पूरी तरह जल गई। जबकि पांचवीं और छठवीं मंजिल भी आग की चपेट में आ गई। आग लगने के बाद कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चल रहा है। करीब सात घंटे के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार सतपुड़ा भवन में लगी आग बुझाने के प्रयासों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं । मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आग बुझाने के समुचित और शीघ्र व्यवस्थाएं करें। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने नगर निगम के साथ आर्मी, आईओसीएल, बीपीसीएल, एयरपोर्ट, सीआईएसएफ, भेल, मंडीदीप और रायसेन से फायर ब्रिगेड बुलाई है । फायर ब्रिगेड को लाने के लिए भोपाल में ट्रैफिक रूट भी क्लीयर किया जा रहा है। सीएमओ के अधिकारी लगातार जिला प्रशासन के साथ पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैंइतनी बड़ी घटना के दौरान नगर निगम प्रशासन द्वारा किसी भी तरह की कोई प्रकाश व्यवस्था नहीं की गई। फायर बिग्रेड कर्मी अंधेरे में मोबाइल की टॉर्च के सहारे ही मोर्चा संभाले हुए हैं।