प्रियंका के इशारे ने साफ किया कौन होगा एमपी का CM उम्मीदवार
कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। सोमवार को इसके लिए प्रियंका गांधी प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले शहर जबलपुर पहुंची। कांग्रेस महासचिव ने एमपी में भी हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की तरह पांच चुनावी गारंटी की घोषणा की। सभा के मंच से प्रियंका गांधी के इशारों और मुस्कुराहट ने यह भी साफ कर दिया कि राज्य में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कमलनाथ ही होंगे। पार्टी उनके चेहरे के सहारे ही चुनावी मैदान में उतरेगी।
प्रियंका सोमवार सुबह जबलपुर पहुंचीं। यहां से वह सीधे ग्वारीघाट गई। उन्होंने 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-आरती की। इसके बाद वे शहीद स्मारक मैदान में सभा के लिए पहुंची। मंच पर प्रदेश के सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के भाषण का सिलसिला शुरू हुआ। प्रियंका गांधी के भाषण से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाते कमलनाथ को संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया। मंच से कमलनाथ को मध्यप्रदेश के भावी मुख्यमंत्री कहकर पुकारा गया।
जैसे ही कमलनाथ भाषण के लिए खड़े हुए सभा स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता 'जय जय कमलनाथ और हमारा सीएम कैसा हो कमलनाथ जैसा हो...' के नारे लगने लगे। नारों के बीच प्रियंका गांधी ने मुस्कुराकर और हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश भी की। लेकिन प्रियंका गांधी के विक्ट्री साइन इशारे के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह ओर बढ़ गया। फिर प्रियंका ने मुस्कुराकर और सिर हिलाकर कार्यकर्ताओं की मांग का जवाब दिया। इसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए। फिर कमलनाथ ने अपना संबोधन शुरू किया।
प्रियंका ने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 फीसदी पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। ये गारंटी हैं, घोषणा नहीं। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने पहली कैबिनेट में ही इसका बिल पास कर दिया।
- हर महीने महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे।
- गैस सिलंडर 1000 का नहीं, बल्कि 500 रुपये का मिलेगा।
- 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हॉफ होगी।
- मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।
- कमलनाथ की सरकार ने किसान कर्जमाफी की थी। बचे हुए किसानों की कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।