Home > राज्यो से ,
मैं ऊर्जा मंत्री का बेटा हूं ,पूरे प्रदेश में हमारा राज चलता है- एसएसपी से जांच की मांग की

ग्वालियर में एक फैमिली होटल "तोष' में आधी रात गुंडों ने उत्पात मचाया है। होटल  में   घुसने से रोकने पर युवकों ने सुरक्षा गार्ड, बाउंसर से मारपीट कर होटल में तोड़फोड़ कर दी। घटनाक्रम पड़ाव क्षेत्र का है, लेकिन सिरोल पुलिस ने इस मामले में हरकत में आते हुए सिरोल के गार्डन पैलेस हाउसिंग सोसायटी से एक आरोपी गौरव गुर्जर को उठा लिया। सब इंस्पेक्टर उसे लेकर थाने आ रहा था तभी वहां एक सफेद रंग की कार से युवक उतरा उसने खुद को ऊर्जा मंत्री का बेटा रिपुदमन सिंह तोमर बताते हुए आरोपी को छुड़ाया। साथ ही धमकाया कि पूरे प्रदेश में हमारी चतली है, जो हमारे इशारे पर नहीं चलता वो सस्पेंड होता है। अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ऊर्जा मंत्री (प्रद्युम्न सिंह तोमर) के बेटे ने एसएसपी ग्वालियर को आवेदन देकर जांच की मांग की है कि कोई उनके नाम से यह काम कर उन्हें बदनाम कर रहा है।

शहर के पड़ाव स्थित होटल शेल्टर के ऊपर फैमिली होटल "तोष' में बीती रात फैमिली के लिए रिजर्व था। इसी समय दो युवक सौरभ गुर्जर, गौरव गुर्जर निवासी सिरोल अपने साथियों के साथ पहुंचे। यहां इन युवकों को सुरक्षा गार्ड ने रोका और कहा कि वह अंदर नहीं जा सकते अभी होटल फुल है। इस पर विवाद हुआ और युवक वापस चले गए। लेकिन कुछ देर बाद तीन कार में सवार होकर अपने साथियों के साथ पहुंचे। आते ही सुरक्षा गार्ड व बाउंसर से मारपीट शुरू कर दी और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की। संचालक का कहना है कि उनके पास इसके फुटेज भी हैं। आरोपी रेस्टोरेंट संचालक व वहां के स्टाफ को ऊर्जा मंत्री के नाम की धमकी दे रहे थे। पुलिस के सामने भी रेस्टोरेंट संचालक व स्टाफ को धमकाया। घटना का पता चलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जैसे ही पता लगा कि आरोपी सिरोल के निवासी हैं तो पड़ाव थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने सिरोल थाना प्रभारी गजेन्द्र धाकड़ से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मदद मांगी।
ऊर्जा मंत्री के नाम से पुलिस को धमकाया, आरोपी छुड़ा ले गए
रेस्त्रां संचालक शक्ति सिंह चौहान की रिपोर्ट पर केस दर्ज करने के बाद पड़ाव थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने सिरोल थाना प्रभारी गजेन्द्र धाकड़ से आरोपियांे को पकड़ने में मदद मांगी। सिरोल थाने से सब इंस्पेक्टर रामस्नेही कुशवाह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने आरोपी गौरव गुर्जर को पकड़ा ही था कि इसी दौरान एक युवक सफेद रंग की कार में आया उसने आते ही गौरव को गाड़ी में बैठाया। सब इंस्पेक्टर कुशवाह ने विरोध किया तो युवक ने कहा कि मैं ऊर्जा मंत्री का बेटा हूं। मेरा नाम रिपुदमन सिंह तोमर है। पूरे प्रदेश में हमारा राज चलता है, जो अधिकारी हमारे इशारे पर नहीं चलते हैं, वो सस्पेंड होते हैं। इसके बाद वह आरोपी को ले गया।
सिरोल थाना पर मचाया हंगामा
ऐसा पता लगा है कि खुद को ऊर्जा मंत्री का बेटा रिपुदमन सिंह तोमर बताने वाले युवक ने थाना पर काफी हंगामा मचाया। पुलिस जवानों को हड़काया। इसके बाद वह थाने की डीवीआर भी निकालकर ले गए। पर आरोपी को उठाकर लाने वाले एसआई ने रोचनामचे में हंगामा का जिक्र किया है।
कोई मुझे बदनाम कर रहा है
इस मामले में ऊर्जा मंत्री के सुपुत्र रिपुदमन सिंह तोमर का कहना है कि कोई मुझे बदनाम कर रहा है, जबकि मैं तो वहां पहुंचा ही नहीं हूं। इस मामले में मैंने खुद एसएसपी ग्वालियर से जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना
इसमें एसएसपी राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि आरोपी को पकड़ने गई पुलिस को कोई ऊर्जा मंत्री के बेटे के नाम से धमका रहा था। ऊर्जा मंत्री के बेटे ने भी उन्हें बदनाम करने की साजिश पर शिकायत कर जांच की मांग की है। जांच कर रहे हैं।

Share This News :