प्रियंका गांधी MP में जबलपुर से करेंगी चुनावी शंखनाद:नर्मदा पूजन करेंगी, कांग्रेस ने लगाईं 30 फीट की गदाएं; खतरे के इनपुट पर पुलिस अलर्ट
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर से मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी। सुबह सबसे पहले वे 101 ब्राह्मणों के साथ नर्मदा का पूजन करेंगी। वे यहां शहीद स्मारक ग्राउंड में सभा भी करेंगी। कांग्रेस ने पूरे जबलपुर में भगवान हनुमान की 30-30 फीट की गदा (प्रतीक के तौर पर) लगाई हैं। पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला है। ASP समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान प्रियंका गांधी की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रियंका गांधी सोमवार सुबह 10.30 बजे विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से हेलिकॉप्टर से आयुर्विज्ञान कॉलेज पहुंचेंगी। इसके बाद वे ग्वारीघाट में मां नर्मदा की महाआरती करेंगी। नर्मदा पूजन के बाद सड़क मार्ग से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के रक्तदान कार्यक्रम में शामिल होने शंकराचार्य चौक पहुंचेंगी। भंवरताल गार्डन पहुंचकर रानी दुर्गावती के प्रतिमास्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। अंत में गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगी। यहां एक लाख वर्ग फीट में बड़ा डोम लगाया गया है। प्रियंका गांधी 3 घंटे जबलपुर में रहेंगी।
रीवा, सागर और ग्वालियर भी आ सकती हैं प्रियंका
जबलपुर के बाद प्रियंका का रीवा, बुंदेलखंड (सागर) और ग्वालियर का भी कार्यक्रम बनाया जा रहा है। वे यहां रैली के साथ बड़ी सभा करेंगी। सभी जगह धार्मिक आयोजन की रूपरेखा भी बनेगी। राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उज्जैन-इंदौर से गुजर चुके हैं। इसलिए उनके कार्यक्रम इसी क्षेत्र में हो सकते हैं।कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगी। वे जबलपुर से विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का शंखनाद करने जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक प्रियंका गांधी को लेकर खतरे के इनपुट मिले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अलर्ट है। करीब 200 अफसर और जवान उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।