क्या बुधनी का यही है विकास ,CM शिवराज के विधानसभा क्षेत्र में नहीं है शव वाहन
“मुझे पत्नी की मौत से ज्यादा इस बात का अफसोस है कि मरने के बाद भी उसे इज्जत नहीं मिल पाई। उसके शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी से पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया। वो कचरा नहीं थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र में ये हालात हैं, तो दूसरे जिलों में क्या स्थिति होगी? जिंदा लोगों के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस की व्यवस्था है, तो फिर मौत के बाद लाश की इतनी बेइज्जती क्यों?”
सीहोर जिले के बुधनी के रहने वाले पुरुषोत्तम केवट ये कहते हुए फफक पड़ते हैं। वे कहते हैं कि वो मंजर मैं कभी नहीं भूल सकता। जब ये सोचता हूं, तो मेरी आत्मा रो उठती है।
बुधनी से ही पांच बार के विधायक हैं शिवराज
बुधनी के हालात की चर्चा इसलिए भी जरूरी है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां से पांच बार विधायक चुने गए हैं। सबसे पहले 1990 में यहां से विधानसभा चुनाव जीते थे। इसके बाद 2005, 2008, 2013 और 2018 में यही से विधायक चुने गए। साल 2003 में राघौगढ़ से दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे। ये शिवराज के राजनीतिक जीवन की पहली हार थी।
बुधनी के वार्ड क्रमांक 12 में पुरुषोत्तम केवल और उसकी पत्नी काजल केवट किराए के घर में रहते थे। दोनों ने सालभर पहले लव मैरिज की थी। काजल प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। 25 मई को काजल का शव फंदे पर मिला था। हालांकि, अभी तक इसका कारण सामने नहीं आ सका। उसके शव को बुधनी नगर परिषद की कचरा गाड़ी से पीएम हाउस ले जाया गया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
बुधनी में तीन जगह पोस्टमॉर्टम् करने की व्यवस्था है। यहां करीब 40-45 किमी दूर के इलाकों से शव को पीएम के लिए लाया जाता है। इसके बावजूद यहां एक भी शव वाहन नहीं है। ऐसे में नगर परिषद की ट्रॉली से ही शवों को शवगृह तक लाया जाता है। शाहगंज भी इस विधानसभा की एक और तहसील है, वहां से भी शव बुधनी ही लाए जाते हैं।
पिछले साल भी एक युवक ने ऑनलाइन गेम में पैसे हार जाने के बाद फांसी लगा ली थी। तब भी शव को नगर परिषद की कचरा गाड़ी में डालकर पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया था। ऐसी घटना भी सामने आई थी, जब एक शव को घर के ही चार लोग खटिया पर ले गए थे।
बुधनी नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता मालवीय के पति अर्जुन मालवीय कहते हैं कि इस क्षेत्र के लोग खुद अपनी ही गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए शव वाहन की जरूरत नहीं पड़ती। नगर परिषद की तरफ से ट्रॉली की व्यवस्था करा दी जाती है, लेकिन लोग मना कर देते हैं। हालांकि, जल्द ही शव वाहन की व्यवस्था हो जाएगी, क्योंकि स्वीकृति मिल चुकी है।
इधर, मुख्य नगर परिषद अधिकारी सतीश मालवीय ने कहा कि उस ट्रॉली का इस्तेमाल कचरा फेंकने के लिए नहीं किया जाता, इसलिए कचरा फेंकने वाली ट्रॉली कहना गलत होगा। हमें शव वाहन की अनुमति मिल गई है, जल्द ही नया शव वाहन मिलेगा।