Home > राज्यो से ,
कैलाश विजयवर्गीय बोले भाजपा में गुटबाजी

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि भाजपा कैडर आधारित और अनुशासित पार्टी होने के चलते इसमें गुटबाजी का सरकार या संगठन में असर नहीं पड़ता है।रविवार को बड़वानी जिले के सेंधवा में पत्रकारों के गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि बड़ी पार्टी होने के चलते थोड़ी बहुत गुटबाजी तो होगी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कैडर आधारित और अनुशासित पार्टी होने के चलते सरकार या संगठन में इसका असर नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारा आदर्श कुर्सी नहीं, बल्कि विचारधारा है, और हम सभी इसी के अनुरूप कार्य करते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति में छोटा, लेकिन महत्वपूर्ण शब्द है 'विश्वास' और जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी, शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर है। पूर्व मंत्री दीपक जोशी तथा मध्‍य प्रदेश में अन्य स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि यह सब कांग्रेस के रचे हुए षड्यंत्र हैं।उन्होंने कहा कि दीपक जोशी अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के चलते कांग्रेस में गए हैं। मैं उन पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करूंगा क्योंकि मैंने उनके और उनके सम्माननीय पिताजी के साथ वर्षों तक काम किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपक जोशी के उदाहरण को पूरी पार्टी के संदर्भ में नहीं देखा जा सकता।

Share This News :