Home > अपना शहर ,
अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों पर 8.28 लाख और अवैध मैरिज गार्डन संचालक पर 36 लाख का अर्थदण्ड

कृषि भूमि का डायवर्सन कराए बगैर और बिना सक्षम अनुमति के वीरपुर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों पर 8 लाख 28 हजार रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी लश्कर श्री विजय राज ने भू-राजस्व संहिता की धारा-172(4) के तहत यह अर्थदण्ड अधिरोपित करने के आदेश जारी किए हैं। इसी तरह बगैर डायवर्सन कराए और बिना सक्षम अनुमति के कोटा लश्कर में संचालित हो रहे एक मैरिज गार्डन के संचालक पर भी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी द्वारा 36 लाख रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।

      अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री विजय राज ने बताया कि ग्राम पंचायत वीरपुर के अंतर्गत लगभग 0.136 हैक्टेयर रकबे में अवैध रूप से प्लॉटिंग और निर्माण कार्य कराए जा रहे थे। यह जमीन अयूब खाँ, मोनिका शिंदे, सागर शिंदे, बलवंत सिंह, राकेश, अरविंद, कुसुम पाण्डे व राकेश सिंह इत्यादि के नाम दर्ज है। इन पर 3 लाख 26 हजार से अधिक अर्थदण्ड लगाया गया है। वीरपुर क्षेत्र में ही लगभग 0.209 हैक्टेयर रकबे पर भी इसी तरह अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यह जमीन मनोज सिंह, सुभाष, बदन सिंह, विशाल, राज, आंचल, गुड्डी, दिनेश, पुष्पादेवी, रोशनलाल, सुभाष, विजयकुमार के नाम से है। इन सभी पर 5 लाख एक हजार रूपए से अधिक का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।

      श्री विजय राज ने बताया कि कोटा लश्कर क्षेत्र में किशन सिंह द्वारा लगभग 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध रूप से मैरिज गार्डन का संचालन किया जा रहा था। इन पर 36 लाख रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।

Share This News :