Home > अपना शहर ,
स्वच्छता मिशन में बाधा डालना पड़ा भारी बृजेन्द्र सिंह को भेजा जेल

शासकीय अमले के साथ दुर्व्यवहार एवं शासकीय कामकाज में बाधा डालना डबका ग्राम पंचायत के ग्राम मड़ईया के निवासी बृजेन्द्र सिंह को भारी पड़ा है। तहसीलदार एवं कार्यपालक दण्डाधिकारी श्रीमती शारदा पाठक ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार को ग्राम मड़ईया में स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जनमानस को प्रेरित करने के मकसद से पहुँचे थे। इसी दौरान बृजेन्द्र सिंह खुले में शौच करते पाए जाने पर समझाईश दी जा रही थी, इस पर उन्होंने शासकीय अमले के साथ गाली-गलौच और दुर्व्यवहार किया। स्वच्छ भारत मिशन के फोलोअप के लिये जिला पंचायत सीईओ के साथ जनपद पंचायत मुरार मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजीव मिश्रा, खण्ड पंचायत अधिकारी श्री सुनील सिंह चौहान, क्षेत्रीय उपयंत्री, ब्लॉक कोर्डिनेटर स्वच्छ भारत मिशन तथा पंचायत समन्वयक श्री प्रमोद सागर भी मड़ईया पहुँचे थे।

     जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा श्री बृजेन्द्र सिंह के खिलाफ पुलिस थाना हस्तिनापुर में शांति भंग का प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस द्वारा कार्यपालक मजिस्ट्रेट श्रीमती शारदा पाठक के सम्मुख प्रस्तुत किया गया। कार्यपालक दण्डाधिकारी ने लोक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की है।

Share This News :