जून में आएगी कांग्रेस कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट:CM फेस पर दिग्गी बोले- जनभावनाएं कमलनाथ के पक्ष में
विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तेजी से तैयारियों में जुटी हुई है। रविवार को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं कमलनाथ, दिग्विजय, डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल, अरुण यादव सहित मप्र कांग्रेस के तमाम सीनियर नेताओं की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के साथ लंबी मीटिंग हुई। इस बैठक के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मप्र में डेढ़ सौ सीटें जीतने का दावा किया। हालांकि, राहुल मप्र में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर किए गए सवाल को टाल गए।
मप्र में राहुल के इस बयान के बाद से ही सीएम फेस को लेकर चल रही बयानबाजी पर बीजेपी कांग्रेस को घेर रही है। राहुल के इस बयान के बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने भी सीएम फेस को लेकर किए गए सवाल पर किनारा कर लिया। भोपाल में अजय सिंह से पूछा गया कि क्या दिल्ली में सीएम पद के चेहरे को लेकर कमलनाथ का नाम तय हो गया है तो अजय सिंह ने कहा- आपने राहुल गांधी का बयान देख ही लिया है इससे ज्यादा मुझे कुछ कहना नहीं हैं।
CM फेस पर दिग्गी बोले- संसदीय लोकतंत्र में डायरेक्टर मुख्यमंत्री का चुनाव नहीं होता
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भोपाल के गोविन्दपुरा में कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा- हमेशा याद रखिए ये संसदीय लोकतंत्र है। संसदीय लोकतंत्र में डायरेक्ट मुख्यमंत्री का चुनाव नहीं होता। विधानसभा के सदस्य जिस पार्टी का बहुमत आता है उसके द्वारा चयन होता है। तो ये जो कहा गया है वो अपने हिसाब से ठीक है। लेकिन मैं समझता हूं कि मप्र के 99 प्रतिशत लोगों की जनभावना ये है कि कमलनाथ जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाए।
हारी हुई 66 सीटों पर कैंडिडेट जल्द घोषित करने पर दिग्विजय सिंह ने कहा- इसपर चर्चा चल रही है। कमलनाथ हमारी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं। चुनाव समिति बनेगी। और फिर केन्द्रीय चुनाव समिति ये तय करेगी।
जून में आएगी कांग्रेस केंडिडेट्स की पहली लिस्ट
प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर अजय सिंह राहुल ने कहा- हर चुनाव में उम्मीदवार थोड़ा देर से होते थे। इस बार यह तय हुआ है कि जून के महीने से ही लिस्ट निकलना शुरु हो जाएंगी। तैयारी और रणनीति नहीं बता सकते। हमारा सिर्फ एक लक्ष्य है 150 पार। राहुल गांधी ने कह दिया कांग्रेस पार्टी के सभी नेता मिलकर लड़ाई के मैदान में उतरें, सही उम्मीदवार का चयन करें। और जो लक्ष्य दिया गया है उसे हासिल करें।कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि जून में जारी होने वाली कांग्रेस की संभावित लिस्ट में 50-50 का फॉर्मूला अपनाया जाएगा। इसमें ऐसी सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे जहां कांग्रेस लंबे समय से चुनाव हार रही है। कुछ ऐसी सीटों पर उम्मीदवार घोषित होंगे जहां कांग्रेस मजबूत स्थिति में हैं और लंबर समय से जीतती आ रही है।