महाकाल लोक में सप्तऋषियों की नई मूर्तियां ही लगेंगी:CM ने दिए निर्देश; कांग्रेस का आरोप- घटिया चायनीज मटेरियल का उपयोग किया
उज्जैन के महाकाल लोक में तेज आंधी के कारण गिरी मूर्तियों के बाद राजनीति तेज हो गई है। आंधी से उखड़ी सप्त ऋषियों की मूर्तियों को रिपेयर नहीं किया जाएगा। यानी खंडित मूर्तियां नहीं लगाई जाएंगी। इसकी जगह सप्त ऋषियों की नई मूर्तियां लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके निर्देश भी दिए हैं। दूसरी तरफ महाकाल लोक में मूर्तियों को रिपेयर करने का काम भी चल रहा है। वहीं, कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने मूर्ति लगाने में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
बता दें कि रविवार को उज्जैन में तेज आंधी के कारण महाकाल लोक परिसर में लगी सप्त ऋषियों की 7 में से 6 मूर्तियां गिर गई थीं। कुछ मूर्तियां खंडित भी हो गई थीं। इसके बाद पीसीसी चीफ कमलनाथ ने जांच के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाई थी।
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश के मुताबिक सभी 6 मूर्तियों को नया इंस्टॉल किया जाएगा। इसका खर्च भी कंपनी ही वहन करेगी। इसे दो महीने का वक्त लगेगा।
कांग्रेस का आरोप- चायनीज मटेरियल से बनी मूर्तियां
कांग्रेस का जांच दल विशेषज्ञ के तौर पर मूर्तिकारों और तकनीकी एक्सपर्ट्स को अपने साथ महाकाल लोक ले गए थे। जांच के बाद बुधवार को भोपाल में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और शोभा ओझा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वर्मा ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इन मूर्तियों को बनाने में घटिया चायनीज शीट का इस्तेमाल किया गया है।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- 4 सितम्बर 2018 को तत्कालीन शिवराज सरकार ने निविदा क्रमांक 52/ यूएससीएल/ 1819 की योजना बनाई थी। इसकी अनुमानित लागत 97 करोड़ 71 लाख थी। कांग्रेस की सरकार के आने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस राशि को बढ़ाकर 300 करोड़ रुपए कर दिया। कांग्रेस सरकार ने 7 मार्च 2019 को इसका वर्कऑर्डर जारी किया था।
कांग्रेस ने बताई मूर्तियों में गड़बड़ियों की तकनीकी खामियां
- फायबर रिइन्फोर्सड प्लास्टिक (FRP) की प्रतिमाओं की मजबूती के लिए लोहे का आंतरिक ढांचा बनाया जाता है, लेकिन महाकाल लोक की प्रतिमाओं में यह स्टील का इंटरनल स्ट्रक्चर नहीं बनाया गया। प्रतिमाओं के निर्माण में उपयोग की जाने वाली नेट की मोटाई 1200 से 1600 ग्राम जीएसएम की होना चाहिए, लेकिन महाकाल लोक में स्थापित की गई प्रतिमाओं में 150 से 200 ग्राम जीएसएम की ही चायनीज नेट उपयोग की गई।
- मूर्तियों को बिना बेस (फाउंडेशन) के 10 फीट ऊंचे पेडेस्टल पर सीमेंट से जोड़ा गया। इसी कारण, 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की हल्की रफ्तार से चली हवा में ही मूर्तियां गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
- निविदा की शर्त क्रमांक 2 जो कि पृष्ठ क्रमांक 107 पर अंकित है, जिसमें स्पष्ट निर्देश हैं कि मूर्तियों की गुणवत्ता की जांच के लिए साइट पर ही मटेरियल टेस्टिंग लैबोरेटरी बनाई जानी थी। ये लैब नहीं बनाई गई।
जल्दबाजी में किया गया उद्घाटन
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि 11 अक्टूबर 2022 को आनन-फानन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाकाल लोक का उद्घाटन किया। घोषणा की थी कि ये मूर्तियां न कभी गिरेंगी और न ही कभी बदरंग होंगी। इस दावे को चुनौती देते हुए ठीक एक महीने बाद 24 नवम्बर 2022 को स्मार्ट सिटी प्रशासन ने पीयू कलर्स वेदरकोट प्राइमर आदि का 96 लाख रुपए का टेंडर निकाला, जबकि ये मूर्तियां तीन साल के वारंटी पीरियड में थीं।
निविदा शर्त के अनुसार मूर्तियों के बदरंग होने की वजह मूर्तियों की घिसाई न होना, प्राइमर और वेदरप्रूफ पीयू रंग का पर्याप्त इस्तेमाल न होना है। अब सवाल यह है कि 24 नवम्बर 2022 के टेंडर के माध्यम से खरीदी गई सामग्री कहां गई? उसका उपयोग क्यों और किसलिए नहीं हुआ? क्या उक्त टेंडर के माध्यम से कागजी खरीदी की गई? यह जांच का विषय है।
एक तरह की मूर्तियों के रेट में अंतर
पूर्व मंत्री ने कहा- उज्जैन में ही एक ही तरह की, एक ही ठेकेदार द्वारा लगाई गई मूर्तियों के निर्माण की लागत में बड़ा अंतर सामने आया है। उज्जैन मे सिंधी समाज द्वारा 25 फीट ऊंची मूर्ति का निर्माण 4 लाख 11 हजार रुपए में करवाया गया, जबकि महाकाल लोक में 15 फीट ऊंची प्रतिमा का भुगतान 10 लाख 2 हजार रुपए किया गया। मानकों के अनुसार 15 फीट ऊंची प्रतिमा की कीमत अधिकतम 3 लाख रुपए हो सकती थी।