Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कांग्रेस की 36 सीटों पर बीजेपी का गुजरात-यूपी फॉर्मूला:कमलनाथ, डॉ. गोविंद सिंह जैसे दिग्गजों को ‘घर’ में घेरने के लिए BJP का स्पेशल प्लान

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में महज 6 महीने का समय बचा है। ऐसे में बीजेपी ने 'मिशन 103' पर काम शुरू कर दिया है। ये वे सीटें हैं, जिन पर लंबे समय से कांग्रेस का कब्जा है। इनमें से 36 सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस के दिग्गज काबिज हैं। इन सीटों पर जीत हासिल करना भाजपा के लिए चुनौती है। भाजपा ने इन्हें ‘आकांक्षी विधानसभा’ नाम दिया है। अब इन सीटों पर जीत के लिए भाजपा गुजरात और उत्तर प्रदेश फॉर्मूला अपनाएगी। इनमें से अधिकांश सीटें आरक्षित वर्ग से आती हैं।

बीजेपी ने प्रदेश में 103 ऐसी विधानसभा सीटें चिन्हित की हैं, जिन पर उसे 2018 और 2020 के उपचुनाव में हार झेलनी पड़ी थी। इन सीटों पर जीत के लिए बीजेपी स्पेशल रणनीति तैयार कर रही है। इनमें से 36 सीटें ऐसी हैं, जिन पर बीजेपी या तो कभी जीती नहीं या लंबे समय से उसके कब्जे में नहीं हैं।

इन सीटों में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ छिंदवाड़ा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का विधानसभा क्षेत्र लहार, गुना जिले का राघौगढ़ जहां से दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह विधायक हैं। खरगोन जिले की कसरावद सीट, जहां पर सुभाष यादव के बेटे सचिन यादव विधायक हैं। इसके साथ ही भोपाल उत्तर सीट, जहां से आरिफ अकील जीत कर आते हैं।मध्यप्रदेश में BJP और कांग्रेस दोनों के पास 80-80 सीटों का बेस है। बहुमत 116 सीट पर है। यहां लड़ाई इन्हीं 36 सीटों के लिए है, जो सरकार बनवाएंगी। बीजेपी के एक सीनियर लीडर कहते हैं- मुख्यमंत्री, प्रदेश संगठन और हाईकमान तक लगातार अपना-अपना सर्वे करवा रहे हैं। इनके आंकड़े तो हमें पता हैं, पर वे ऐसे नहीं हैं कि हम आपसे शेयर कर पाएं। अभी तो सीटें 100 के अंदर ही आती दिख रही हैं, इसलिए इस बार बड़े पैमाने पर विधायकों के टिकट काटे जाएंगे।

Share This News :