Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
योगी ने माधवराव सिंधिया की मूर्ति का किया अनावरण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दिवंगत नेता माधव राव सिंधया की मूर्ति का अनावरण किया। सीएम योगी ने कहा कि मैनपुरी में चौराहा माधवराव सिंधिया के नाम पर है और आज उनकी प्रतिमा की स्थापना करने का अवसर हमें मिला है। सीएम योगी ने कहा कि माधवराव सिंधिया का जो स्मारक भैंसरोली में बना है, वह बहुत छोटा है। उसे भव्य और सुंदर बनाने के साथ ही पार्क के रूप में विकसित करने का काम मैनपुरी प्रशासन करेगा। पर्यटन विभाग और सरकार इसमें भरपूर सहयोग देगी।
सीएम योगी ने कहा माधव राव सिंधिया नौ बार सांसद रहे। उन्हें भी संसद में श्री सिंधिया के साथ काम करने का अवसर मिला। सिंधिया के कार्यों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि श्री सिंधिया ने मंत्री रहते हुए क्रांतिकारी सुधार के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि भारती रेल आज भी डिजिटलाइजेशन और शताब्दी जैसी ट्रेन के लिए उनका स्मरण करती है। उनका नाम भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है।
सीएम योगी ने कहा कि माधवराव सिंधिया ने हमेशा सकारात्मक राजनीति की। एक दुखद घटना ने उनको हमसे छीन लिया था। आज हम सबके लिए भावुक क्षण है। हम भारत के एक सपूत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जब वो हादसा हुआ था, तब हर भारतवासी ने दुख अनुभव किया था। हमने एक बेहतरीन नेता खो दिया था।
राम जन्मभूमि आंदोलन से भी जोड़ा नाता
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सिंधिया परिवार न केवल राजनीति में ही नहीं बल्कि राम जन्मभूमि आंदोलन में भी अहम योगदान दिया। राजमाता विजया राजे सिंधिया के योगदान से ही आंदोलन को दिशा मिली।
भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैनपुरी के साथ 250 वर्ष पुराना संबंध है। एक समय रहा है इतिहास के कालखंड में, जब इस धरती पर विदेशी ताकतें हावी थीं। मेरे पूर्वज दत्ता जी महाराज सिंधिया ने भारत माता की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए उन विदेशी ताकतों को उखाड़ फेंकने का काम किया था।
250 साल पुराना नाता जोड़ा
केंद्रीय मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उनका नाता मैनपुरी से 22 साल नहीं बल्कि 250 साल पुराना है। उनके पूर्वजों ने ही मैनपुरी समेत आसपास के क्षेत्रों से अफगान घुसपैठियों को खदेड़ने का काम किया। जिस जमीन को हमारे पूर्वजों ने मुक्त कराया उसी पर माधव राव सिंधिया ने अंतिम सांस ली।
 

Share This News :