प्रह्लाद पटेल के ही ट्वीट पर देने लगे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनने की बधाई
मध्यप्रदेश में पिछले दो दिन से सोशल मीडिया पर खबरें चल रही हैं कि केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया है। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर ही प्रह्लाद पटेल को इसके लिए बधाइयां भी मिलने लगी। हालांकि पार्टी की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई। खुद प्रह्लाद पटेल ने इन चर्चाओं को काल्पनिक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। वह जबलपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वे 28 मई को नए संसद भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दरअसल मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद सागर बीजेपी में विवाद सामने आया था। बताया जा रहा है कि उसे लेकर बुधवार रात बीजेपी की बैठक हुई थी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और सीएम शिवराज सिंह चौहान के बीच करीब ढाई घंटे तक बातचीत हुई। अगले दिन सुबह गुरुवार को प्रह्लाद पटेल ने एक ट्वीट किया। जिसके बाद से ही उन्हें प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बनाए जाने की खबरें उड़ने लगी।
यहां से शुरू हुई बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चाएं
बुधवार रात सीएम हाउस में बैठक के बाद गुरुवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने ट्वीट किया - 'मैं अपने पुराने मित्रों और अग्रजों शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मेरी इस मनः स्थिति से उवारने एवं सक्रियता के लिए एक पुराना प्रयोग कर मुझे संबल दिया संघर्ष के समय में, आपस के प्रेम और विश्वास का अहसास हुआ । इस ट्वीट के बाद कई तरह के कयास लगने लगे कि तोमर, शिवराज और विजयवर्गीय ने कौन सा पुराना प्रयोग किया है। इस ट्वीट के बाद से ही पटेल को बधाईयां मिलना शुरू हो गईं।
प्रह्लाद पटेल ने बताया ट़्वीट का मतलब
ट्वीट को लेकर दैनिक भास्कर ने प्रह्लाद पटेल से पूछा तो उन्होंने कहा कि मेरा भोपाल आने का कार्यक्रम नहीं था। मेरा जबलपुर आने का प्रोग्राम था। फिर इन लोगों की आपस में बातचीत हुई होगी और मुझे कहा कि आप भोपाल आ जाओ, हम लोग बैठेंगे। हम युवा मोर्चा में साथ काम करते वक्त पारिवारिक चर्चाएं किया करते थे। उसमें किसी तरह की राजनीतिक बात और राजनीति नहीं होती थी। उसी तरह की जो बातें हुई वो मुझे अच्छा लगा। पहले हम लोगों की इतनी फ्रिक्वेंटली बातें नहीं होतीं थीं, लेकिन अभी जिस तरह से मुन्ना (छोटे भाई जालम सिंह) और मुझसे लगातार बात कर रहे हैं वो अच्छा लगा। इस प्रकार की बैठकें और पारिवारिक समस्याओं और परिस्थितियों पर हम लोग युवा मोर्चा में साथ काम करते वक्त करते रहते थे।