Home > राज्यो से ,
मुंशी जी... इतना खुश हूं कि चाहो तो इस्तीफे पर करवा लो हस्ताक्षर; DSP की बेटी बनीं आईएएस

यूपीएससी के परिणाम में बेटी की चौथी रैंक आने की सूचना सीओ (द्वितीय) राजकुमार मिश्रा को मंगलवार दोपहर उस वक्त मिली जब वह एसएसपी कार्यालय में फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। खुशी में वह कुर्सी से उछल पड़े। फोन पर बात करते हुए वे कभी भावुक होते तो कभी अचानक बेअंदाज हो जाते। कोई समझ नहीं पा रहा था कि सीओ साहब को अचानक हुआ क्या? बातचीत के दौरान कोई फाइलों पर हस्ताक्षर कराने आया तो बोल पड़े, मुशी जी... इतना खुश हूं कि चाहो तो आज इस्तीफे पर हस्ताक्षर करवा लो।

दोपहर करीब डेढ़ बजे थे। सीओ की बेटी स्मृति ने वीडियो कॉल करके पिता को बताया कि उन्हें चौथी रैंक मिली है। वीडियो कॉल पर एक तरफ स्मृति और उनकी मां अनीता मिश्रा थीं। दूसरी ओर राजकुमार मिश्रा। कार्यालय में सामने बैठे सीओ लाइन व थोड़े अंतर पर बैठे पत्रकार शुरू में समझ ही नहीं पाए कि माजरा क्या है? दोनों ओर से खुशी और उत्साह मिश्रित तेज आवाजें थीं। दिल खोलकर हंसे जा रहे थे। इधर, सीओ कुर्सी से लगभग उछलते हुए मेज पर हाथ पटक रहे थे। करीब दो मिनट बाद उन्होंने ही कक्ष में बैठे लोगों को अवगत कराया कि उनकी बेटी आईएएस बन गई है। चौथी रैंक मिली है। इस पर सभी लोगों ने उन्हें बधाई दी।
 

 खुशी इतनी कि मन में न समाई, पानी पिलाकर कराए गए शांत

हालांकि उनकी खुशी का अतिरेक देखकर सीओ लाइन बैजनाथ प्रसाद ने तत्काल स्टाफ से ठंडा पानी मंगवाकर उन्हें पिलाया। कुछ संयत हुए सीओ राजकुमार मिश्रा ने सीओ लाइन से कहा कि आप चिंता न करें, मुझे कुछ नहीं होगा। सैनिक स्कूल में पढ़ाई की है। जीवन में हर तरह की स्थिति देखी है। सीओ मिश्रा बेटी की सफलता की खुशी साझा कर ही रहे थे कि मुंशी राजीव कुमार कुछ फाइलों पर दस्तखत कराने आ गए। इस पर सीओ ने कहा कि आज बहुत खुश हूं। चाहो तो इस्तीफे पर भी दस्तखत करा लो। तब मुंशी ने मुस्कुराकर जवाब दिया कि कुछ दिन बाद पेंशन पर ही कराएंगे

 

 
 

Share This News :