आज फिर एक शावक की मौत ,दो महीने में चार चीतों की गई जान
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में मंगलवार को चीते के शावक की मौत हो गई। यहां दो महीने के भीतर अब तक चार चीतों की मौत हो चुकी है। कूनो में मादा चीता ज्वाला ने 27 मार्च को चार शावकों को जन्म दिया था। इनमें से एक शावक की मौत हुई है। मौत का कारण अभी पता नहीं चला है।
प्रमुख वन संरक्षक जेएस चौहान ने शावक की मौत की पुष्टि की है। 27 मार्च को मादा चीता ज्वाला (उस समय शियाया) ने चार शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही कूनो में शावकों सहित चीतों की संख्या 23 हो गई थी। शावकों के जन्म से दो दिन पहले ही मादा चीता साशा की मौत हुई थी। इसके बाद चीता उदय और दक्षा की मौत हो गई।
कूनो में अब 20 चीते बचे
पहली खेप में नामीबिया से 8 चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया था। 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें बाड़े में रिलीज किया था। इसके बाद 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते कूनो लाए गए थे। अब 20 चीते ही कूनो नेशनल पार्क में बचे हैं।
कूनों में चीतों की मौत से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...
कूनो में एक और चीते की मौत: मेटिंग के दौरान मेल चीते ने पंजा मारकर घायल किया था
श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में फीमेल चीते दक्षा की मौत हो गई है। दक्षा को इसी साल दक्षिण अफ्रीका से कूनो लाया गया था। मुख्य वन्य संरक्षक जेएस चौहान ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि मेल चीते को दक्षा के बाड़े में मेटिंग के लिए भेजा गया था। मेटिंग के दौरान ही दोनों में हिंसक इंटरैक्शन हो गया। मेल चीते ने पंजा मारकर दक्षा को घायल कर दिया था। कूनो नेशनल पार्क की मॉनिटरिंग टीम को दक्षा घायल हालत में मंगलवार सुबह मिली थी। उसे इलाज के लिए ले जाया गया। दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।