बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, CM भी पहुंचे
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मप्र बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। बैठक में BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों और आगामी कार्य योजना को लेकर चर्चा की जाएगी। कर्नाटक में मिली हार पर कहा-कर्नाटक पर क्या चर्चा करनी, चर्चा हम अपने मध्यप्रदेश के विकास को लेकर करेंगे।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा- नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं और पूरे देश में उन्हीं के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाता है। बैठक में विभिन्न विषयों को लेकर रणनीति बनेगी। सुशासन के 9 साल पूरे हुए हैं, उसके लिए विशेष कैंपेन चलाया जाएगा। बैठक में इसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी डा. रामशंकर कठेरिया, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यसमिति की बैठक में 1168 सदस्य
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित और स्थाई सदस्य, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्य, समस्त विधायक, मोर्चों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री, प्रकोष्ठ के संयोजक, विभाग के प्रदेश संयोजक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, समस्त महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, निगम मंडलों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, आकांक्षी विधानसभा के प्रभारी, विस्तारक सहित विशेष संपर्क अभियान की जिला टोली के संयोजक व सहसंयोजक सहित 1168 सदस्य शामिल हुए।
हर लोकसभा क्षेत्र में चलेगा जनसंपर्क अभियान
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि हर लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। सभी जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
29 को प्रदेश भर में प्रेस कॉन्फ्रेंस
29 मई को पूरे प्रदेश में एक साथ प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इनमें बीजेपी के केन्द्रीय मंत्री, मंत्री, सांसद, विधायकों के साथ पदाधिकारी मीडिया को केन्द्र सरकार की उपलब्धियां और 2014 के पहले का फर्क बताएंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नेतागण शाम को सभी सोशल मीडिया इंफ्लुअर्स के साथ मीटिंग करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे। यह अभियान 30 मई और 31 मई को होगा।