Home > अपना शहर ,
लोकमंत्रणा में मजदूर को दिलाया मजदूरी कार्ड एवं दिव्यांग महिला को ट्राइसाइकिल

महापौर ने लोकमंत्रणा में सुनी आमजनों की समस्याएं  

लोकमंत्रणा में आने वाले आवेदनों को अधिकारी गंभीरता से लें तथा हर हाल में निर्धारित समयसीमा में निराकृत करें, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पडे। यदि संबंधित अधिकारी आवेदन के निराकरण में विलंब करते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कडी कार्यवाही की जावेगी। उक्ताशय के निर्देश महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने आज लोकमंत्रणा कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए सभी विभागाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को दिए। वहीं मौके पर ही एक मजदूर को मजदूरी कार्ड एवं दिव्यांग महिला को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी, अपर आयुक्त वित्त श्री देवेन्द्र पालिया, अपर आयुक्त श्री आर के श्रीवास्तव, उपायुक्त श्री के के गौर, श्री एपीएस भदौरिया, सहायक आयुक्त श्री शैलेष अवस्थी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नारायण कृष्ण शेजवलकर प्रशासनिक भवन में आयोजित लोकमंत्रणा कार्यक्रम में आज महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर से गुडीगुढा का नाका बालाजीपुरम पायगा, लश्कर निवासी श्री बालकिशन बरार द्वारा आवेदन कर आग्रह किया गया कि मप्र संनिर्माण कर्मकार मंडल की योजनांतर्गत मजदूरी कार्ड रिन्यूअल हेतु जनमित्र केन्द्र 18 पर दिया गया था तथा तैयार हो चुका है लेकिन अभी तक मिला नहीं है। इस पर महापौर जी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि आवेदक को तत्काल कार्ड उपलब्ध कराया जाए जिस पर संबंधित को तत्काल डुप्लीकेट कार्ड तैयार कर उपलब्ध कराया गया। वहीं दिव्यांग महिला गिरवाई नाका सिद्व बाबा का मंदिर के पीछे एबी रोड निवारी श्रीमती सुभद्रा कुशवाह द्वारा ट्राइसाइकिल प्राप्त करने के लिए आवेदन लगाया गया तो मौके पर ही उन्हें महापौर जी द्वारा ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
लोकमंत्रणा के दौरान वार्ड 29 कैलाश नगर के निवासियों द्वारा पार्क में गेट लगवाने एवं नियमित कचरा उठवाए जाने का आग्रह किया जिस पर संबंधित क्षेत्राधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वहीं सिटी सेंटर स्थित गुलमोहर सिटी के निवासियों द्वारा स्ट्रीट लाइट की समस्या निराकरण एवं सडक की मरम्मत कराने का आग्रह किया, जिस पर महापौर जी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके साथ ही अन्य आवेदकों ने भी विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिए जिनका तत्काल निराकरण दिया गया। इस अवसर पर महापौर श्री शेजवलकर द्वारा लगभग 3 दर्जन आवेदकों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण कराया गया।

  

Share This News :