डीके अड़े थे, फिर एक कॉल, रात की पूरी कहानी:रात 2 बजे सब तय, डीके के बिना कोई फैसला नहीं लेंगे सिद्धारमैया
रात के 10:15 बज रहे थे। सिद्धारमैया कर्नाटक कांग्रेस के इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला के साथ मीटिंग कर रहे थे। उनके साथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल भी थे। 10:38 बजे कांग्रेस नेता अजय सिंह ने कहा कि 'आज ही रात आखिरी निर्णय ले लिया जाएगा। कोई खास दिक्कत नहीं है।'
इधर रणदीप सिंह सुरजेवाला केसी वेणुगोपाल के घर पहुंचते हैं और फिर बातचीत शुरू होती है। यही वो मीटिंग थी जिसमें डीके शिवकुमार को डिप्टी CM के लिए मना लिया गया। मीटिंग करीब 1 बजे तक चलते रही। इसमें पहले खड़गे ने डीके को मनाया। तमाम दलीलें रखीं। प्रियंका-राहुल ने भी बात की।
जब बात नहीं बन रही थी तो फिर डीके की सोनिया गांधी से बात करवाई गई। सोनिया शाम को डीके से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बात कर चुकी थीं, लेकिन उसमें बात नहीं बन पाई थी। रात में उन्होंने फोन कॉल पर डीके से बात की।
डीके को साफ बताया गया, 'कर्नाटक में कोई भी डिसीजन उनकी सहमति के बिना नहीं लिया जाएगा। सिद्धारमैया को भले ही सीएम बनाया जा रहा है, लेकिन उन्हें हर निर्णय में डिप्टी सीएम की सहमति लेनी ही होगी। साथ ही डीके को यह भी कहा गया कि आपकी पसंद के विधायकों को वो पोर्टफोलियो दिए जाएंगे, जो वो चाहते हैं। ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे, फिर आपको CM बना दिया जाएगा।
जब यह सब बातें हो रहीं थीं, तब डीके के साथ उनके आठ से दस समर्थक और भाई डीके सुरेश भी मौजूद थे, जो कर्नाटक में कांग्रेस के एकमात्र सांसद हैं। सोनिया गांधी से बातचीत के बाद डीके नरम पड़े और रात में करीब 2 बजे तक वो नए फॉर्मूले पर पूरी तरह से राजी हो गए।
इसके बाद तय हुआ कि 18 मई को शाम 7 बजे कांग्रेस विधायकों की मीटिंग बुलाई जाएगी और सिद्धारमैया को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। हालांकि मीडिया में यह खबर सुबह 7 बजे के करीब आई कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने आज शाम को विधायक दल की बैठक बुलाई है। सुबह 10:30 बजे के करीब डीके ने खुद नए फॉर्मूले पर सहमति होने की बात कही।
यह सब बातें भी रात में ही तय हो गई थीं कि पिछले तीन दिनों से जो उठापटक चल रही है, उससे गलत मैसेज जा रहा है। सभी नेताओं को एकजुट होकर देश को मैसेज देना है कि कांग्रेस में कोई गुट नहीं है। पूरी पार्टी एक है।
इसी स्ट्रैटजी के तहत आज सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार एक ही गाड़ी से निकले। सीनियर जर्नलिस्ट अशोक चंदारगी कहते हैं, 2013 से 2018 के बीच सिद्धारमैया जब CM थे तब वो हाईकमान के कंट्रोल में नहीं थे। वो सारे डिसीजन अपने हिसाब से कर रहे थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो पाएगा। अब हर डिसीजन में डीके शिवकुमार को शामिल करना ही होगा।
भास्कर ने बुधवार सुबह ही खुलासा कर दिया था कि सिद्धारमैया CM और शिवकुमार डिप्टी CM होंगे। शिवकुमार पर तीन फॉर्मूले पर बात हो रही थी। इसमें से वे 50-50 फॉर्मूले पर राजी हुए। पहले ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे और बाद के ढाई साल डीके। यानी डीके लोकसभा चुनाव के बाद 2025 में मुख्यमंत्री बनेंगे। लोकसभा चुनाव तक डीके शिवकुमार KPPC अध्यक्ष भी बने रहेंगे।