हनीट्रैप के वीडियो की हार्डडिस्क पहली बार कोर्ट में पेश:एसआईटी ने कहा- वीडियो अंतरंग हैं, बंद चेंबर में ही देखे जाएं, आरोपियों को न दें
2019 में उजागर हुए हनी ट्रैप से जुड़े मानव तस्करी केस की सुनवाई में साढ़े 3 साल में पहली बार हनी ट्रैप के वीडियो भोपाल की कोर्ट में पेश किए गए। वीडियो एक सील बंद हार्ड डिस्क में लाए गए। ये वो वीडियो हैं, जिनकी सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी से ओके रिपोर्ट मिल चुकी है। इसका मतलब है कि ये वीडियो ओरिजिनल हैं।
मामले की जांच के लिए बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने वीडियो की हार्ड डिस्क कोर्ट में पेश करते हुए ये भी अर्जी दी है कि ये तमाम वीडियो अंतरंग हैं। बचाव पक्ष के लोगों को ये वीडियो उपलब्ध न कराए जाएं। केस की सुनवाई बंद चैंबर में हो। यानी चैंबर में न्यायाधीश और दोनों पक्षों के वकीलों के अलावा किसी और को अनुमति न दी जाएं।
एसआईटी के हेड एडीजी विपिन माहेश्वरी के पत्र के साथ वीडियो वाली ये हार्ड डिस्क भोपाल में जज स्मृता सिंह ठाकुर की कोर्ट में पेश की गई हैं। जांच एजेंसी ने हनी ट्रैप केस से जुड़े मानव तस्करी के मामले की आरोपी श्वेता विजय जैन और आरती दयाल के वॉयस सैंपल लेने के लिए कोर्ट में आवेदन लगाया है। कोर्ट इस पर 18 मई (गुरुवार) को सुनवाई करेगी।