Home > अपना शहर ,
ओडीएफ पंचायतों के लिये आयोजित की जाए विशेष बैठक – कलेक्टर डॉ. गोयल

कलेक्टर ने देखीं ग्राम माधौपुर की बायोटॉयलेट 

समग्र स्वच्छता अभियान के अंतर्गत खुले में शौच की कुप्रथा से मुक्त हो चुकीं ग्राम पंचायतों में शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता और प्रभावी ढंग से किया जाए। इसके लिये ऐसी पंचायतों के सरपंच सचिव, पटवारी के साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इसकी व्यवस्था जिला पंचायत सुनिश्चित करे। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा डबरा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत टेकनपुर के मजरे माधौपुरा में निर्मित बायोटॉयलेट के अवलोकन के दौरान दिए गए। उन्होंने ग्रामीणों को भी आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और कठिनाईयों के निराकरण के लिये जिला प्रशासन तत्पर है।

      समग्र स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बनाई गईं बायोटॉयलेट का मौके पर निरीक्षण करने और हितग्राहियों से चर्चा के लिये कलेक्टर डॉ. गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह और सहायक कलेक्टर श्री बाला गुरू के, जिला पंचायत के प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर श्री जयसिंह नरवरिया सहित अन्य मैदानी अमले के साथ ग्राम माधौपुर पहुँचे। उन्होंने देश में सबसे सस्ती दरों पर बनाई गईं बायोटॉयलेट का अवलोकन किया और उसकी तकनीकी के विषय में विस्तार से समझा।

      श्री नरवरिया ने बताया कि स्थानीय सामग्री और स्थानीय तकनीकी सहयोग के माध्यम से ग्वालियर जिले में बायोटॉयलेट बनाने का प्रयोग जिला पंचायत द्वारा किया गया है। जिसके निर्माण पर मात्र 15 हजार रूपए की राशि व्यय होती है, जो सरकार द्वारा हितग्राही को उपलब्ध कराई जाती है। बायोटॉयलेट की प्रक्रिया में तीन टैंकों का निर्माण कर उन्हें आपस में पाइप के माध्यम से जोड़ा जाता है। इसमें एन-एरोबिक वैक्टीरिया डाल दिया जाता है, जो आने वाले मल को पानी में बदल देता है। टैंकों में एक आउटलेट पाइप लगाकर उस पानी को बाहर निकाल दिया जाता है। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में किए जा रहे इस प्रयोग की भारत सरकार द्वारा भी प्रशंसा की गई है।

“जाते तो हमाए प्रान, बच गए साब”

डॉ. गोयल ने बायोटॉयलेट बनाने वाली हितग्राही पुष्पा पत्नी राघवेन्द्र जाटव से जब पूछा कि अब आपको कैसा लगता है ?  इस पर पुष्पा ने कहा कि “जाते तो हमाए प्रान, बच गए साब, काए नई तो चौमासे में खेतन में जान पत्तो सांप बिछुअन को डर लगो रहतो। लेकिन अब तो पूरो घर जई में जातो है।

Share This News :