Home > राज्यो से ,
चेकपोस्ट पर अवैध वसूली :ट्रक ड्राइवरों से होती है 'डकैती'; महीने में 24 करोड़ अफसरों की जेब में

मध्यप्रदेश के सेंधवा में परिवहन विभाग के चेकपोस्ट पर  अ‌वैध वसूली को कैमरे में कैद किया। यह साधारण वसूली नहीं है, दादागीरी और हथियारों के दम पर होती है, इसलिए ट्रक ड्राइवर इसे 'डकैती' कहते है।  ड्राइवर और क्लीनर बनकर स्टिंग किया। महाराष्ट्र की ओर से आने-जाने वाली हर गाड़ी से यहां 400 से 3000 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। सिस्टम इतना पुख्ता बना दिया है कि कोई गाड़ी अवैध वसूली से बच नहीं सकती। तोल की रसीद दिखाने के साथ ड्राइवर को नोटों का वजन भी रखना पड़ता है। तभी जाकर आगे बढ़ने के लिए बैरियर उठता है। हर वाहन से वसूली जाने वाली रकम का हिसाब लगाया जाए तो एक दिन में अनुमानित 80 लाख और महीने में 24 करोड़ रुपए अवैध वसूली हो रही है। यानी सालभर में ट्रक ड्राइ‌वर/मालिकों की जेब पर 300 करोड़ रुपए का 'डाका' डाला जा रहा है।

ऐसा नहीं है कि इस 'सरकारी डकैती' की किसी को जानकारी नहीं है। सेंधवा बॉर्डर का यह आरटीओ चेकपोस्ट अवैध वसूली के लिए बदनाम है। एमपी के रजिस्टर्ड वाहनों से 400 से 1200 रुपए और दूसरे प्रदेशों में रजिस्टर्ड वाहनों से 1500 से 3000 हजार रुपए लिए जा रहे थे। हम जिस ट्रक में सवार हुए थे, उसके लिए भी तोल की रसीद के साथ 1500 रुपए देने पड़े। इसी तरह दूसरे ड्राइवर भी आते और पैसे देकर तोल रसीद पर सील और साइन करा कर आगे बढ़ते जाते। दूसरे स्टेट से वसूली ज्यादा इसलिए कि वसूली अफसरों को लगता है कि उनकी सुनवाई हमारे स्टेट में तो होने वाली नहीं है।

Share This News :