Home > अपना शहर ,
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनांतर्गत आवेदन आमंत्रित

विवाह हेतु जनपद पंचायतों और नगर निगम ने की तारीखें तय

मध्यप्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत गरीब एवं निराश्रित परिवारों की कन्याओं के विवाह कराए जाते हैं। योजना के तहत शासन द्वारा ही विवाह की सम्पूर्ण जवाबदारी ली जाती है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत पंजीकृत हितग्राही के परिवार की कन्या की उम्र 18 वर्ष एवं पुरूष की आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन द्वारा जिले में सामूहिक विवाह समारोह की तिथियाँ निर्धारित कर दी गई हैं। योजना के तहत इच्छुक परिवार अपना आवेदन प्रस्तुत कर विवाह हेतु पंजीयन करा सकते हैं।

      जिला प्रशासन द्वारा जनपद पंचायत मुरार, बरई, डबरा, भितरवार के साथ ही नगर निगम ग्वालियर के लिये भी तिथियाँ निर्धारित की गई हैं। योजना के अंतर्गत कन्या के अभिभावक मध्यप्रदेश के मूल निवासी हों। विधवा एवं कानूनी रूप से तलाकशुदा महिला जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती हो, निराश्रित हो एवं स्वयं के पुनर्विवाह के लिये सक्षम न हो। इसके अतिरिक्त श्रमिक संवर्ग में पंजीकृत हितग्राही अथवा उसकी कन्या भी योजना के तहत पात्र होगी। योजना का लाभ उठाने हेतु पात्र हितग्राही विवाह आयोजन के 15 दिवस पूर्व अपना आवेदन जनपद पंचायत एवं नगर निगम, नगर पालिका में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र जनमित्र कार्यालयों से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ वर-वधु का पासपोर्ट साईज फोटो, आधारकार्ड की छायाप्रति, बैंक खाते की छायाप्रति, आय प्रमाण-पत्र, वर-वधु की समग्र आईडी, मूल निवासी प्रमाण-पत्र और नि:शक्त होने पर नि:शक्तता प्रमाण-पत्र आवश्यक है।

      प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत जनपद पंचायत मुरार में निर्धारित की गईं तारीखें इस प्रकार हैं – 23 जनवरी, 23 फरवरी तथा 26 मार्च 2017. जनपद पंचायत बरई में 23 जनवरी एवं 10 मार्च 2017. जनपद पंचायत डबरा में 20 जनवरी, 02 फरवरी एवं 04 मार्च 2017. जनपद पंचायत भितरवार में 20 जनवरी, 02 फरवरी तथा 03 मार्च 2017. इसके साथ ही नगर निगम ग्वालियर में 20 जनवरी की तारीख निर्धारित की गई है। नगर निगम में विवाह के संबंध में संपर्क अधिकारी श्री के के गौर उपायुक्त मोबाइल नं. 9644405502 एवं लिपिक श्री विजय बरूआ मोबाइल नं. 9584514059 है। पात्र हितग्राही अधिक जानकारी के लिये इन नम्बरों पर भी संपर्क कर सकते हैं।

 

Share This News :