Home > अपना शहर ,
“महिलाओं के अधिकार” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

समाज में महिलाओं को उनके अधिकार एवं बराबरी का हक दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश में शौर्या दल योजना प्रारंभ की गई है। शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र पर शौर्या दलों का पुर्नगठन किया जा रहा है। इन समूहों के माध्यम से ग्राम, वार्डों में महिला एवं बालिकाओं के साथ होने वाली हिंसा को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

      इसी परिप्रेक्ष्य में महिला सशक्तिकरण एवं महिला-बाल विकास विभाग द्वारा ग्वालियर संभाग की एक दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सत्कार गेस्ट हाउस में किया गया। इस कार्यशाला में ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर और दतिया जिलों के नए शौर्या दल के सदस्य विकासखण्ड महिला सशक्तिकरण अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षकों ने भागीदारी की। कार्यशाला में लगभग 140 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

      कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में महिला अधिकार संदर्भ केन्द्र की सदस्य श्रीमती मीरा सिंह एवं संकल्प समाजसेवी संस्था के कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेश अग्रवाल उपस्थित थे। कार्यशाला में उपसंचालक महिला सशक्तिकरण श्रीमती रेखा अग्रवाल ने शौर्या दल के उद्देश्य की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शौर्य दल के गठन के पश्चात परिवर्तन आया है। इसके बाद भी महिला एवं बालिकाओं के हितों के लिये अभी और बहुत कार्य करने की आवश्यकता है।

      कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती मीरा सिंह ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यशाला में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रीय समन्वयक श्री सुरेश तोमर ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ग्वालियर के आस-पास के जिलों में की जा रही गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिये सुरक्षित माहौल का निर्माण करने के लिये लोगों की सोच में बदलाव लाना आवश्यक है। इसके लिये महिलाओं को समाज में बराबरी का हक दिलाने की दिशा में और कार्य किए जाने की आवश्यकता है।

Share This News :