SC का फैसला ऐतिहासिक, जल्द होगा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
दिल्ली बनाम केंद्र की लड़ाई में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि ये दिल्ली के लोगों की बहुत बड़ी जीत है। दिल्ली के लोगों के साथ जो अन्याय होता आया है, उनके साथ माननीय सुप्रीम कोर्ट ने न्याय किया है। दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट का जो आदेश आया है वो दिल्ली की जनता के सहयोग का नतीजा है। अब हमें दिल्ली के लोगों को रिस्पॉन्सिव प्रशासन देना है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होगा।
अधिकारियों पर गिरेगी गाज
सीएम केजरीवाल ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 8 साल पहले जैसे ही हमारी सरकार बनी, प्रधानमंत्री ने एक आदेश पारित कराया कि दिल्ली में काम करने वाले सभी अधिकारियों के ट्रांसफर और नौकरी से संबंधित सभी फैसले दिल्ली सरकार के पास नहीं रहेंगे। इस आदेश का इस्तेमाल करके दिल्ली में कामों को जबरदस्ती रोका गया। उन्होंने साफ कहा कि कुछ अधिकारी ऐसे हैं जिन्होंने पिछले डेढ़ साल में जनता के काम रोके। ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित किया जाएगा और उन्हें अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ेगा। लेकिन जो अधिकारी ईमानदारी और पूरी मेहनत से काम कर रहे हैं उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला
गुरुवार,11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच जारी विवाद पर अपना अहम फैसला सुनाया। सुप्रीम कोर्ट संविधान पीठ ने दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा किनौकरशाहों पर दिल्ली सरकार का ही नियंत्रण होना चाहिए। शीर्ष अदालत ने दिल्ली सरकार को लैंड, कानून-व्यवस्था और पुलिस के क्षेत्रों को छोड़कर अन्य सेवाओं पर दिल्ली सरकार के पास विधायी और प्रशासकीय नियंत्रण है। यानी अफसरों की पोस्टिंग और ट्रांसफर का अधिकार दिल्ली सरकार के पास होगा। कोर्ट ने कहा कि एलजी कोई भी फैसला लेने से पहले दिल्ली सरकार से सलाह जरूर लें।