वक्ता चयन में चयनित प्रतिभागियों का हुआ इंटरव्यू, पूछे गए कांग्रेस के रीति-नीति सिद्धांतों से जुड़े सवाल
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में 22 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कांग्रेस की आवाज वक्ता चयन अभियान चलाया था, जिसमें चयनित प्रतिभागियों का राजीव भवन में इंटरव्यू हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश प्रभारी सचिव चंदन यादव, प्रदेश प्रभारी सहसचिव विजय जांगिड़ ने बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के प्रतिभागियों का दो-दो मिनट का फाइनल इंटरव्यू लिया।संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि वक्ता चयन में प्रदेशभर के कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसमें तीनों संभाग से चयनित प्रतिभागी शामिल हुए। सभी को दो-दो मिनट बोलने का अवसर दिया गया। इस दौरान चयन समिति के प्रमुखों ने प्रतिभागियों से कांग्रेस के रीति नीति सिद्धांतों, प्रदेश सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं, देश के नवनिर्माण पर कांग्रेस के योगदान, आजादी की लड़ाई में कांग्रेस नेताओं की भूमिका, पंचायती राज, महिला सशक्तीकरण, हरित क्रांति, श्वेत क्रांति, संचार क्रांति को लेकर सवाल किया।साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की नाकामी, देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था, डूबती सरकारी कंपनियां, संवैधानिक संस्थाओं पर अतिक्रमण, भाजपा का लोकतंत्र विपरीत आचरण सहित अन्य विषयों पर सवाल जवाब किया गया। तीनों संभाग से लगभग 200 वक्ताओं ने उपस्थित होकर इंटरव्यू दिया। 10 मई को सुबह 11 बजे रायपुर एवं दुर्ग संभाग के वक्ताओं का इंटरव्यू हाेगा। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, वंदना राजपूत, नितिन भंसाली, प्रकाशमणि वैष्णव मौजूद थे।