Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
पूर्व CM के बेटे दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल

पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कांग्रेस जॉइन करने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा, शिवराज चौहान के कारण पत्नी को एंबुलेंस नहीं मिली। इस वजह से उनकी मौत हुई। देवास कलेक्टर को शिवराज ने निर्देश दिए थे कि दीपक का फोन आए, तो कोई भी बात नहीं करना। दो साल पहले दीपक की पत्नी विजया जोशी का कोरोना से निधन हो गया था।

दीपक जोशी पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के संस्थापक सदस्य रहे कैलाश जोशी के बेटे हैं। उनके साथ शनिवार को दतिया जिले से विधायक रहे राधेलाल बघेल भी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए।

दीपक जोशी ने कहा, जन संघ के चुनाव चिह्न दीपक को बीजेपी ने अपनी विचारधारा के साथ कहीं न कहीं विलोपित कर दिया। इसीलिए आज मैं कांग्रेस के साथ हूं। BJP के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव से मुलाकात के सवाल पर बोले- मैंने कल शाम 5 से 7 बजे तक 2 घंटे और रास्ता देखा, लेकिन मुझे कोई निराकरण नहीं मिला। मेरी विरासत ईमानदारी की है, उस पर मैं चलूंगा और निरंतर रहूंगा। शिवराज जी भले छोटा भाई मानते हों, लेकिन वे मेरे बड़े भाई कभी नहीं हैं। बहुत बदल गए हैं। उनको जिस प्रकार का काम करना चाहिए, वह काम नहीं कर पा रहे हैं।

जोशी ने कहा, आज मध्यप्रदेश भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है। नेताओं की स्थिति यह है कि कार्यकर्ता उनसे मिल नहीं सकते। आज पार्टी को एक हाईटेक पार्टी के साथ एक ऐसी पार्टी का लेवल दे दिया, जिसमें सामान्य कार्यकर्ता उन तक पहुंच नहीं सकता। कमलनाथ ने कहा, दीपक जोशी ने मुझसे कहा कि मैं कोई टिकट नहीं चाहता। मुझे बहुत ताज्जुब हुआ। जोशी जैसे सच्चाई का साथ देने वाले और लोगों को भी मैं आमंत्रित करता हूं।

पिता की तस्वीर साथ लेकर पहुंचे PCC दफ्तर

जोशी भोपाल में 74 बंगले स्थित सरकारी आवास बी-30 से पिता कैलाश जोशी की तस्वीर साथ लेकर PCC दफ्तर पहुंचे। देवास से भोपाल रवाना होने से पहले जोशी ने सुबह खेड़ापति मंदिर में दर्शन किए। बड़ी बहन ने मंगल तिलक किया। समर्थकों ने उन्हें फरसा देकर रवाना किया। देवास में उन्होंने कहा, भाजपा में लॉलीपॉप देख - देखकर मेरा शुगर लेवल बढ़ गया है। अब शुगर लेवल घटाने के लिए शिष्टाचार वाली पार्टी में जाना है। अटल जी को अपना भगवान मानता हूं और मानता रहूंगा। किसी भी तरह का कार्य हो, बिना पैसे लिए और दिए नहीं हो रहा है, ऐसी भाजपा को आज मैं छोड़ रहा हूं।​​​​​​

Share This News :