Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
प्रियंका गांधी करेंगी कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत

मध्य प्रदेश में कांग्रेस चुनाव अभियान की शुरुआत महाकोशल से करेगी। 12 जून को पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा जबलपुर आएंगी। वहां वे जनसभा, रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने उनसे चर्चा के बाद प्रदेश कांग्रेस और जिला इकाई को तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इस बाद विंध्य, बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ क्षेत्र में जनसभाएं होंगी। इनमें पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।बालाघाट जिले की छह सीटों में से कांग्रेस ने तीन जीती थीं और एक वारासिवनी से निर्दलीय प्रदीप जायसवाल विजयी रहे थे। जायसवाल पूर्व में कांग्रेस पार्टी में रहे हैं। सिवनी जिले की चार में से दो सीटें कांग्रेस और दो भाजपा के पास हैं।जबलपुर जिले की बात करें तो यहां की आठ सीटों में चार कांग्रेस और चार भाजपा के पास हैं। अनूपपुर जिले की सभी तीनों सीटें कांग्रेस ने जीती थीं लेकिन बाद में अनूपपुर से विधायक बिसाहूलाल सिंह ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ले ली। वे अभी खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री हैं। यही कारण है कि पार्टी ने चुनाव अभियान का शुभारंभ जबलपुर से करने का निर्णय लिया है। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल और पूर्व मंत्री तरुण भनोत ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा के आने का कार्यक्रम है। इसको लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है।

कांग्रेस ने प्रदेश के सभी अंचलों में एक-एक बड़ी जनसभा करने की कार्ययोजना बनाई है। चुनाव अभियान की शुरुआत महाकोशल से की जाएगी। यहां पार्टी का प्रदर्शन 2018 के चुनाव में अच्छा रहा था। छिंदवाड़ा जिले की सभी सातों सीटें कांग्रेस ने जीती थीं। यही स्थिति डिंडौरी में भी थी।

 

 

 

 
 

Share This News :