Home > राज्यो से ,
शिवराज-वीडी से चर्चा के बाद दीपक का मोबाइल बंद, 6 को संगठन से करेंगे बात

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से बातचीत के बाद भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे व पूर्व मंत्री दीपक जोशी नॉट रीचेबल (फोन) हो गए हैं। मंगलवार को उनका मोबाइल फोन देर रात तक बंद रहा। हालांकि फोन बंद करने से पहले उन्होंने मीडिया से कहा कि वे 6 मई को संगठन से बात करने के बाद फैसला लेंगे।

एक दिन पहले वे कांग्रेस की सदस्यता लेने की बात कह रहे थे। इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने देर शाम कहा कि दीपक भाजपा परिवार के सीनियर साथी हैं। पिता कैलाश जोशी ने भाजपा को प्रदेश में खड़ा किया है। वे हमारे आदर्श हैं। कभी-कभी छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं। मनुष्य हैं। कोई हंड्रेड परसेंट एक्युरेट नहीं होता। दीपक हमारे परिवार के एक अभिन्न अंग हैं। जो भी बातें, पार्टी के भीतर संवाद है, इसलिए सब ठीक है। पार्टी के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी कहा कि दीपक वरिष्ठ कार्यकर्ता, समर्पित व योग्य व्यक्ति हैं। मंत्रिमंडल में भी साथ रहे। हम सब उनके साथ हैं।

सोमवार को दीपक ने कहा था मुझे सहारे की जरूरत

दीपक जोशी के कांग्रेस में जाने की सुर्खियों से सियासी हलचल हो गई थी। दीपक ने सोमवार को कहा भी था कि वे कांग्रेस में जा सकते हैं, क्योंकि उन्हें सहारे की जरूरत है। अकेले कब तक लड़ेंगे। जो सहारा देगा, उसके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा 5 मई को पत्नी की पहली बरसी है। उसके 7 दिनों तक कार्यक्रम चलेंगे। उसके बाद वे कांग्रेस जॉइन करेंगे। कमलनाथ से बात हो चुकी है। बिना शर्त कांग्रेस जॉइन करेंगे। रात को जोशी के घर देवास के पूर्व महापौर शरद पाचुनकर सहित उनके समर्थक भी पहुंचे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री प्रदीप चौधरी भी मिले।

नाराजगी पुरानी है, खातेगांव विधानसभा सीट ही चाहिए

पिछले चुनाव के समय से ही दीपक नाराज चल रहे हैं। उन्होंने चुनाव में जाने से पहले खातेगांव से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने मौजूदा विधायक आशीष शर्मा का टिकट बदलने से मना कर दिया। लिहाजा दीपक को हाटपीपल्या से ही चुनाव लड़ना पड़ा। वे हार गए। इसके बाद संगठन के रुटीन कार्यों से भी उन्हें दूर रखा जाने लगा। सरकार में सुनवाई कम हो गई। यही उनकी नाराजगी की बड़ी वजह बन रही है।

Share This News :