सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर ,मरीजों की लगी लाइन
अपनी मांगों को लेकर मध्य प्रदेश के 13 मेडिकल कॉलेज के करीब दस हजार डॉक्टरों 3 मई (बुधवार) से हड़ताल पर हैं। ग्वालियर में जयारोग्य अस्पताल समूह, स्वास्थ्य विभाग के करीब 500 से ज्यादा डॉक्टर हड़ताल पर है। ऐसे में हालात न बिगड़ें इसको लेकर इमरजेंसी, ट्रॉमा, और ICU (इंटेसिव केयर यूनिट) में आयुष डॉक्टर करेंगे मरीजों का इलाज।
डॉक्टरों की हड़ताल का असर ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा। इसके लिए संभागीय आयुक्त ने ग्वालियर में 1 मई से छुट्टी पर गए सभी डॉक्टरों के अवकाश कैसिंल कर दिए हैं और तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही GRMC (गजराराजा मेडिकल कॉलेज) के डीन डॉ. अक्षय निगम को इमरजेंसी में गंभीर मरीजों के इलाज के इंतजाम करने के लिए कहा है। बुधवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर आए डॉक्टरों की तरफ से डॉक्टर महासंघ के संयोजक डॉ.सुनील अग्रवाल का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करना चाहती है, लेकिन अधिकारी इसमें बाधक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है लेकिन उनकी नियुक्तियां नहीं की जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को जानबूझकर खराब करने के प्रयास किए जा रहे हैं। महासंघ सिर्फ अपने वेतन-भत्तों की मांग को लेकर यह हड़ताल नहीं कर रहा है, बल्कि डॉक्टर चाहते हैं कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाए।
इन व्यवस्थाओं को अफसरशाही से मुक्त किया जाए। यही कारण है कि आज 3 मई से ग्वालियर सहित पूरे मध्य प्रदेश के डॉक्टर हड़ताल पर है। इस बार हम आश्वासन पर मानने वाले नहीं है। पिछली बार भी आश्वासन देकर शासन ने वादाखिलाफी की थी। पर इस बार लड़ाई आरपार की है। मंगलवार को दो घंटे ओपीडी बंद करने और उससे स्वास्थ्य सुविधाओं पर हड़कंप मचने से हड़ताल को लेकर शासन-प्रशासन भी डरा हुआ है।
आयुष डॉक्टर संभालेंगे इमरजेंसी, ट्रॉमा व ICU
जेएएच में हड़ताल की स्थिति में हालात न बिगड़े और इमरजेंसी सेवाएं चलती रहीं उसके लिए संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने डीन मेडिकल कॉलेज को सख्त निर्देश दिए हैं। जिसके बाद डीन ने आयुष विभाग से संपर्क कर आयुष डॉक्टरों को बुधवार से जब तक हड़ताल चलेगी जयारोग्य अस्पताल के इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, ICU में मरीजों के इलाज के लिए ड्यूटी पर लगाया जाएगा। अभी तक जयारोग्य अस्पताल समूह के लिए 30 आयुष डॉक्टर मिलने की राह साफ हो गई है।
डॉक्टरों के अवकाश कैंसिल
एक मई से डॉक्टर ग्रीष्म कालीन अवकाश पर चले जाते हैं। पर आज 3 मई से पूरे प्रदेश में डॉक्टरों की हड़ताल को देखते हुए संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने इमरजेंसी में सभी डॉक्टरों के ग्रीष्मकालीन अवकाश निरस्त कर दिए हैं। इनमें से 90 प्रतिशत डॉक्टर वही हैं जो हड़ताल में शामिल है। पर अवकाश निरस्त होने से अब उनको लौटना पड़ेगा और अपना पक्ष बताना पड़ेगा कि वह काम करेंगे या हड़ताल में शामिल रहेंगे। इससे आगे वह यह नहीं कह पाएंगे कि वह तो अवकाश पर थे।