नरोत्तम बोले-दिग्विजय न किसी के भाई, न किसी की जान
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के एक ट्वीट पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। भोपाल में उन्होंने कहा, दिग्विजय सिंह न किसी के भाई हैं, न किसी की जान हैं। वे पड़ोसी मुल्क में आटा महंगा होने से परेशान हैं। एक वर्ग विशेष पर नजरें इनायत करने के लिए ये सब बोलते रहते हैं।
दिग्विजय सिंह ने सोमवार को त्योहारों पर पत्थरबाजी और दंगों को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था- यदि आप देखें तो रामनवमीं के जुलूस पर सभी प्रदेशों में घटना एक प्रकार की ही थी। जुलूस पर पत्थर फेंका गया और पत्थरबाजी शुरू। दंगा भड़क गया। यह पत्थरबाजी कौन करता है? पता नहीं, लेकिन पकड़े जाते हैं एक ही वर्ग के निर्दोष बच्चे। प्रयागराज में ईद की नमाज के वक्त पत्थरबाजी हुई थी। इसे लेकर ही दिग्गी ने ट्वीट किया था।
मिश्रा बोले, दिग्विजय खुद एक वर्ग के लोगों को पत्थरबाज बता रहे
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- दिग्विजय सिंह एक ही वर्ग के लोगों को खुद ही पत्थरबाज बता रहे हैं। दिग्विजय सिंह जी, CCTV फुटेज आ गए हैं। पुलिस, कानून, संविधान आप सब पर सवाल उठाए दे रहे हैं? एक वर्ग विशेष पर नजरें इनायत करने के लिए आप ये सब बोलते रहते हैं। पाकिस्तान में मचे त्राहिमाम से इनकी पीड़ा समझ आती है कि ये कितने ज्यादा पीड़ित होकर इस तरह के बयान दे रहे हैं।