सनातन धर्म मंदिर के प्रधानमंत्री से ठगी
ग्वालियर . सनातन धर्म मंदिर पर भण्डारे की तैयारियों को देखकर लौट रहे मंदिर के प्रधानमंत्री से दो ठग सोने की चेन और नवरत्न की अंगूठी ठग ले गए। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के संजय कॉम्पलेक्स वाली गली की है। दोनों युवकों ने बुजुर्ग को आगे लूट होने की बात कहा और उनकी चेन व अंगूठी उतरवा कर कागज की पुड़िया में रखवाई।
इसके बाद बातों में उलझा कर पुड़िया से जेवर पार कर उसमें पत्थर के टुकड़े रख दिए। जब बुजुर्ग घर जाकर पुड़िया खोली तो ठगी का पता चला। वारदात के शिकार पीडित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
इंदरगंज थाना क्षेत्र के होटल वी-लिव के पास रहने वाले 66 वर्षीय महेश गुप्ता पुत्र राधे श्याम गुप्ता सनातन धर्म मंदिर के प्रधानमंत्री हैं। मंदिर पर आयोजित होने वाले भण्डारे की तैयारियों की जानकारी लेने और आवश्यक दिशा निर्देश देने के लिए वह मंदिर आए थे। मंदिर का काम खत्म कर वह वापस घर जा रहे थे और अभी संजय कॉम्पलेक्स स्थित पानी की टंकी के पास से गुजर रहे थे कि तभी दो युवक मिले और एक युवक ने उन्हें रोका और मास्क ना होने की कहकर हड़काया और उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताया।
लूट की घटना होने की बात कहकर डराया
दोनों युवकों ने उन्हें पास बुलाया और बताया कि आगे लूट हो गई है और आप यह जेवर पहन कर घूम रहे हो। अगर घटना होगी तो वह परेशान होंगे। इसके बाद युवकों ने उनसे चेन और नवरतन की अंगूठी उतारने को कहा, जिस पर उन्होंने अंगूठी और चेन उतार ली तो एक युवक ने उनके हाथ से लेकर अपने पास मौजूद कागज में रखने लगा। इस दौरान दूसरा युवक उन्हें बातों में उलझाए रखा। आखिर में कागज की पुडिया में जेवर रखने के स्थान पर कंकड़ रख दिए और उनको जेब में रखने के लिए दे दिए।
कागज की पुड़िया देते ही हुए गायब
कागज की पुड़िया महेश गुप्ता को देते ही दोनों युवक बाइक को स्टार्ट कर चले गए। कुछ दूर जाने के बाद उन्होंने कागज की पुड़िया खोली तो उनके पैरों तले जमीन निकल गई, क्योंकि उसमें जेवर के स्थान पर कंकड़ और पत्थर रखे हुए थे। ठगी का शिकार पीडि़त थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की।
पुलिस का कहना
इंदरगंज थाना प्रभारी अनिल सिंह भदौरिया का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है, कुछ सुराग मिले हैं उनकी तस्दीक की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।