दिग्विजय ने लगाए ठहाके; शिवराज ने कहा-सिंधिया गद्दार नहीं, खुद्दार
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के ज्योतिरादित्य सिंधिया पर दिए बयान के बाद बीजेपी उन पर हमलावर है। किसी ने उन्हें पाकिस्तान में पैदा होने, तो किसी ने चीन में पैदा होने की बात कही। खुद सिंधिया से लेकर सीएम शिवराज सिंह, बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने दिग्विजय को निशाने पर लिया। इस पर दिग्विजय सिंह ने ठहाके लगाए और कहा कि मैं कहीं नहीं जाने वाला। यहीं इनकी छाती पर मूंग दलता रहूंगा।
दिग्विजय सिंह ने (हंसते हुए) कहा कि - मुझे हंसी आती है, उनके पास मेरे खिलाफ कहने को कुछ है नहीं, ईडी, सीबीआई भेज नहीं सकते, अब क्या बचा, पाकिस्तान में जन्म लो, चाइना चले जाओ, मैं यहीं पैदा हुआ, यहीं मरूंगा, ना पाकिस्तान जाऊंगा, ना ही चीन जाऊंगा, इनकी छाती पर मूंग दलता रहूंगा।
इससे पहले सिंधिया के समर्थन में उतरे सीएम शिवराज सिंह ने कहा है कि सिंधिया गद्दार नहीं बल्कि खुद्दार हैं। कांग्रेस में रहते आखिर कितना अपमान सहते। चुनाव लड़ा सिंधिया के नाम पर और मुख्यमंत्री बुजुर्ग कमलनाथ को बनाया।