डिवाइडर से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, दो घायल
देवास रोड पर पालिटेक्निक कालेज के समीप मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक कार डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गड्ढे के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई थी।माधवनगर पुलिस ने बताया कि अदनान पुत्र शनावर हुसैन उम्र 20 वर्ष निवासी नागझिरी, अफसान काजी उम्र 17 वर्ष निवासी गणेश नगर नागझिरी, कैफ पुत्र रइस मंसूरी उम्र 20 वर्ष निवासी आदर्श नगर नागझिरी, अल्फेज पुत्र शनावर खान उम्र 18 वर्ष निवासी आदर्श नगर नागझिरी तथा रेहान उम्र 15 वर्ष निवासी नागझिरी मंगलवार को बड़ा रोजा होने के कारण देर रात करीब डेढ़ बजे कार से नागझिरी से तोपखाना गए थे। जहां से वापस नागझिरी की ओर जा रहे थे।देवास रोड पर पालिटेक्निक कालेज के समीप स्केटिंग चौराहे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार अदनान, अफसान काजी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैफ ने बुधवार सुबह उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर हालत में रेहान व अल्फेज का उपचार चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।