Home > अपना शहर ,
कृषकगण मात्र दो प्रतिशत प्रीमियम जमा कर 15 जनवरी तक करा सकते हैं फसल बीमा

सूचना शिविर में समझाई गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रक्रिया

किसानों के लिये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सुरक्षा कवच से कम नहीं। इस योजना के तहत कृषकगण मात्र दो प्रतिशत प्रीमियम राशि जमा कर अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। प्रीमियम की 98 प्रतिशत राशि केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर जमा करती हैं। इसलिये किसान भाई 15 जनवरी तक अपनी रबी फसल का बीमा जरूर करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल खराब होने पर आर्थिक क्षतिपूर्ति हो सके। यह जानकारी जनपद पंचायत भितरवार के ग्राम बनवार में जनसंपर्क विभाग और किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुए सूचना शिविर में कृषकों को दी गई।

      शिविर में मौजूद कृषकों को जनसंपर्क विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित पुस्तक “आगे आयें लाभ उठायें” सहित अन्य प्रचार सामग्री वितरित की गई। साथ ही जन कल्याणकारी योजनाओं की भी दी गई। किसानों को यह भी जानकारी दी गई कि जिन बीमित किसानों की खरीफ फसल खराब हुई थी उन्हें जल्द ही बीमा राशि का भुगतान किया जायेगा।

      शिविर में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि श्री नीरज गुप्ता एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री बी एस कुशवाह व श्री आर एस धाकड ने फसलों का बीमा कराने की प्रक्रिया विस्तारपूर्वक समझाई। उन्होंने बताया कि किसान को गेहूँ के लिये प्रति बीघा 75 रूपए, चना के लिये 84 रूपए और सरसों की फसल का बीमा कराने के लिये मात्र 60 रूपए प्रति बीघा के मान से राशि जमा करनी होती है। साथ ही पटवारी व ग्राम सेवक द्वारा जारी फसल बोनी का प्रमाण-पत्र तथा भू-अधिकार-ऋण पुस्तिका, पहचान-पत्र व बैंक पासबुक की छायाप्रतियाँ संलग्न करनी होती है।

तूफान, ओला, बाढ़, जल भराव, सूखा, कीट व्याधि, बिजली गिरना तथा बीमारियों, बुवाई विफल होना इत्यादि परिस्थितियों से फसल खराब होने पर किसानों को बीमा राशि का भुगतान किया जाता है। ‍शिविर में मौजूद ग्राम उर्वा के श्री पातीराम गुर्जर, बनवार के श्री रमेशचंद्र व श्री प्रमोद तिवारी, श्री भवानी प्रसाद व श्री सुघर सिंह ने शिविर में फसल बीमा संबंधी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

सहायक संचालक जनसंपर्क श्री मधु सोलापुरकर एवं सहायक सूचना अधिकारी श्री हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगारमूलक व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में शिविर में जानकारी दी गई। साथ ही इन योजनाओं पर केन्द्रित प्रचार साहित्य भी वितरित किया।

फसल बीमा कराने के लिये टोल फ्री नम्बर

      फसल बीमा कराने के लिये कृषक हैल्पलाईन नम्बर 18002660700 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही श्री अजय धमनिया (मोबा. 7566766665) बड़े पेड़ के पास श्रीकृष्ण कॉलोनी हैदरगंज मामा का बाजार लश्कर, श्री मोहम्मद आवेद सिद्दीकी करतार होटल के पास कम्पू लश्कर (मोबा. 8989740050) और श्री लखबीर सिंह राणा सुदामापुरी सिंहपुरा रोड़ मुरार (मोबा. 9300946518) से सीधे संपर्क कर किसान अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। इसके अलावा निकटतम बैंक अथवा अपने गाँव के आरएईओ, कृषक मित्र आदि के सहयोग से फसल का बीमा कराया जा सकता है।

Share This News :