कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर भाजपा करेगी मंथन, कोरग्रुप की बैठक भी होगी
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया है। 14 वरिष्ठ नेताओं को इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया था। इनके साथ मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, सह प्रभारी रमाशंकर कठेरिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा बैठक करेंगे। इसके बाद कोरग्रुप की बैठक भी होगी, जिसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित वरिष्ठ पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।पार्टी संगठन ने केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, गोपाल भार्गव, माखन सिंह, प्रभात झा, सत्यनारायण जटिया, राकेश सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते, सुधीर गुप्ता, लाल सिंह आर्य, जयभान सिंह पवैया, राजेंद्र शुक्ल सहित अन्य नेताओं को अलग-अलग जिलों में भेजा था।