Home > अपना शहर ,
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना से 1831 हितग्राहियों के सपने हुए साकार

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने दिए स्वीकृति पत्र

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले 1831 हितग्राहियों के स्वयं के आवास का सपना आज साकार हुआ। प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह द्वारा फूलबाग मैदान पर आयोजित समारोह में स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। जिसके अनुसार प्रत्येक हितग्राही को उसके आवास निर्माण के लिये डेढ़ लाख रूपए की राशि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जायेगी।

     कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनीष यादव, संभाग आयुक्त श्री शिवनारायण रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल से आए हितग्राही उपस्थित थे।

     कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा के असामयिक निधन के कारण उन्हें सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा श्रृद्धा-सुमन अर्पित किए गए और दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रृद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा के प्रति श्रृद्धा-सुमन अर्पित करते हुए कहा कि श्री पटवा एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक संस्था थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन गरीब और शोषित सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिये लगा दिया। वे पार्टी और सत्ता दोनों की प्रमाणिकता और प्रेरणा पुंज थे। उनकी आदर्श आचरण संहिता सभी के लिये पथ प्रदर्शक का काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व में श्री पटवा के असामयिक निधन के कारण इस कार्यक्रम के आयोजन को निरस्त करने पर विचार किया गया था। लेकिन बाद में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा श्री पटवा के जीवन और उनके सिद्धांतों पर चलते हुए सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिये आयोजित इस कार्यक्रम को पूर्ववत आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माननीय प्रधानमंत्री की मंशा अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में प्रदेश के सभी आवासहीनों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य प्राप्त करेगी।

इससे पूर्व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज सिंह ने बताया कि ग्वालियर जिले में 1831 आवासहीन परिवारों को इस समारोह में आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए हैं। जिसमें एक लाख 20 हजार रूपए की राशि आवास निर्माण के लिये, 12 हजार रूपए की राशि शौचालय निर्माण के लिये तथा शेष 18 हजार रूपए की राशि सरकार द्वारा हितग्राही को मेहनताना स्वरूप प्रदान की जा रही है। इन सभी आवासों को अगले 6 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में आने वाले हितग्राहियों को इंजीनियर्स की टीम द्वारा आवास निर्माण का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। जिसमें आवास निर्माण के लिये उपयोग की जाने वाली सामग्री, उसकी उपलब्धता और समय-सीमा में निर्माण किस तरह से पूर्ण किया जाए, उसकी समझाईश दी गई।

मुख्यमंत्री ने भी मनावर से किया

हितग्राहियों को संबोधित

 à¤•ार्यक्रम स्थल पर दोपहर 1.30 बजे से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के धार जिले के मनावर से एलईडी के माध्यम से उदबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके साथ ही हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु विभिन्न चरणों में सामग्री, मिस्त्री एवं गुणवत्ता की जानकारी का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही आवास निर्माण की विभिन्न डिजाईनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। आवास निर्माण की मार्गदर्शिका एवं पॉवर पॉइंट प्रजेण्टेशन की भी प्रस्तुति दी गई।  

       

Share This News :