जहरीली शराब से 14 मौतों की पुष्टि, 27 का चल रहा इलाज
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जहरीली शराब से शुक्रवार को चार लोगों की मौत के बाद शनिवार को और 16 लोगों की मौत हो गई। अब जहरीली शराब के सेवन से मरने वालों की संख्या 20 हो गई है। प्रशासन ने 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। गंभीर रूप से बीमार 27 लोगों का तमाम जगहों पर इलाज चल रहा है। अभी कई अन्य भी बीमार हैं। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने इस घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं।
सदर व अरेराज के अनुमंडल पदाधिकारी को संबंधित गांवों का दौरा कर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी संबंधित गांवों में भेजी गई है। उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में शराब पीने के मामले की जांच के लिए टीम बनाई गई है। पुलिस व उत्पाद विभाग की टीम ने 19 लोगों को हिरासत में लिया है।
उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने महज तीन लोगों का पोस्टमार्टम कराया है। जहरीली शराब से तुरकौलिया में सात, सुगौली में पांच, पहाड़पुर में चार, हरसिद्धि में दो और पीपराकोठी थाना क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई है।संदिग्ध परिस्थिति में लोगों के मौत की सूचना मिली थी। पूछताछ में लोगों ने मृत्यु का संभावित कारण जहरीली शराब बताया है। सभी स्थलों पर पुलिस और मद्य निषेध की टीम भेजी गई। तुरकौलिया में ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों ने कच्ची शराब बनाकर सेवन किया था। शराब के जहरीले होने से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है। लोगों ने मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया है। कुछ लोग शहर के विभिन्न अस्पतालों में भी भर्ती हैं।